सीतापुर के कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद राकेश राठौर की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक शनिवार देर शाम सम्पन्न हुई। इस दौरान सांसद धौरहरा आनंद भदौरिया और सांसद मोहनलालगंज आरके चौधरी भी मौजूद रहे। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए सांसदों ने अधिकारियों को पारदर्शिता और समयबद्धता से कार्य करने के निर्देश दिए। सांसद राठौर ने मनरेगा योजनाओं में पारदर्शिता, कौशल विकास मिशन के प्रचार-प्रसार और प्रशिक्षित युवाओं की सूची प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों के अनुसार कार्यवाही करने को कहा गया। उन्होंने पेंशन योजनाओं के निस्तारण में विलंब न होने, पेंशन अंतरण समय से कराने और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा में सांसदों ने सीएमओ को निर्देशित किया कि चिकित्सालयों में चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित हो और जिला अस्पताल में रात्रिकालीन आपात सेवाएं सुचारु रूप से चलें। पशुपालन विभाग को लंपी रोग की रोकथाम हेतु विशेष प्रबंध करने के निर्देश दिए गए। सांसद राकेशनराठौर ने सड़कों के निर्माण कार्यों को मानक के अनुरूप पूरा करने, प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्र लाभार्थियों की सत्यापन के बाद ही आवास देने और जल जीवन मिशन के तहत क्षतिग्रस्त सड़कों की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को खराब ट्रांसफार्मरों के शीघ्र प्रतिस्थापन, लोड सर्वे कराने और जर्जर तारों के बदलने का आदेश दिया गया। इसके अलावा, स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत बने शौचालयों की जांच, मंडी समितियों द्वारा निर्मित सड़कों के रखरखाव, पेंशन एवं पारिवारिक लाभ योजनाओं के तहत पात्रों को कैम्प लगाकर लाभ पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में मंत्री सुरेश राही, विधायक आशा मौर्य, निर्मल वर्मा, रामकृष्ण भार्गव, ज्ञान तिवारी व शशांक त्रिवेदी सहित जनप्रतिनिधियों ने भी विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अंत में जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि माननीयों के निर्देशों का पालन पूर्ण निष्ठा से किया जाएगा।