दो बाइकों की टक्कर, साले-बहनोई समेत तीन की मौत:लखीमपुर में एक युवक गंभीर घायल, बाजार से घर लौटते समय हादसा

लखीमपुर के मोहम्मदी क्षेत्र में नेशनल हाईवे-730-ए पर रविवार रात एक सड़क हादसा हो गया। सेमरा जानीपुर मोड़ के पास दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में साले-बहनोई समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गांव शाहपुर जागीर निवासी विजय कुमार (35) अपने बहनोई जितेंद्र कुमार (22) को बाइक पर बैठाकर कस्बा बरवर से सामान खरीदने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान, गांव सिमरा जानीपुर निवासी रोहित (25) अपने साथी रितिक के साथ बाइक पर मोहम्मदी से अपने घर जा रहा था। रात करीब 10 बजे सेमरा मोड़ पर दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को मोहम्मदी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने विजय, जितेंद्र और रोहित को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल रितिक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।