लखीमपुर खीरी में दो बाइकों की भिड़ंत, तीन की मौत:शादी की दावत से घर लौटते समय हादसा, एक घायल को जिला अस्पताल रेफर किया

लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी में शाहपुर जागीर गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। यह घटना रविवार रात करीब 9:30 बजे हुई। मृतकों में शाहपुर जागीर निवासी जितेंद्र और उनके बहनोई विजय शामिल हैं। वे बरबर से अपने घर शाहपुर जागीर लौट रहे थे। दूसरी बाइक पर सेमरा जानीपुर निवासी 28 वर्षीय रोहित कुमार और 25 वर्षीय रितिक कुमार सवार थे, जो सेमरा जानीपुर से बरबर की ओर जा रहे थे। सेमरा जानीपुर मोड़ के पास दोनों बाइकों की भीषण टक्कर हो गई। खबर से संबंधित देखिए दो तस्वीरें… टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक बाइक पर सवार दो लोगों और दूसरी बाइक पर सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। रितिक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर एंबुलेंस की सहायता से सभी को सीएचसी मोहम्मदी ले जाया गया। सीएचसी मोहम्मदी में डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल रितिक की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें जिला मुख्यालय रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, जितेंद्र की शादी एक साल पहले हुई थी और हाल ही में उनके घर बेटे का जन्म हुआ था। आज उसी की दावत थी। दावत के लिए कुछ सामान कम पड़ने पर जितेंद्र अपने बहनोई विजय के साथ बरबर गए थे और सामान लेकर घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। मृतक विजय के दो बच्चे हैं, जिनमें 17 वर्षीय शीतल और 8 वर्षीय सचिन शामिल हैं। सेमरा जानीपुर निवासी मृतक रोहित कुमार (28) शादीशुदा थे, लेकिन उनके कोई बच्चे नहीं थे। इस घटना से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। सूचना मिलते ही पसगवां प्रभारी निरीक्षक मोहम्मदी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक उमेश चंद्र चौरसिया पुलिस क्षेत्रा अधिकारी अरुण कुमार सिंह दलबल के साथ सीएससी मोहम्मदी पहुंचे और परिवार को समझाया बुझाया मृतकों के शवो को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है