मथुरा के महावन थाना क्षेत्र के कारव गांव में रविवार सुबह खेत की मेड काटने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। यह विवाद पुलिस की मौजूदगी में हुआ, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना में पिता-पुत्र घायल हो गए। गांव कारव निवासी गौरव और उसके पड़ोसी कलुआ के बीच खेत की मेड को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते यह कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि कलुआ, विनोद, जापानी और अन्य लोगों ने लाठी, डंडे और फावड़े से गौरव और उनके पिता धनपाल पर हमला कर दिया। हमले में गौरव और धनपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएससी बलदेव में भर्ती कराया। गौरव (32) की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल गौरव ने बताया कि पड़ोसियों ने पहले खेत की मेड काटी थी। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो पुलिस की मौजूदगी में ही उन पर हमला कर दिया गया। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच मारपीट साफ दिखाई दे रही है। थाना प्रभारी महावन सुधीर सिंह ने बताया कि कारव गांव में खेत की मेड को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था, जिसमें एक युवक घायल हुआ है। उन्होंने कहा कि प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है ताकि घटना के दौरान मौजूद लोगों की जिम्मेदारी तय की जा सके।