बिजनौर के जैन फार्म में मिला युवक का शव:शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान, पुलिस जांच में जुटी

बिजनौर शहर कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर शाम जैन फार्म के पास एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की पहचान आदमपुर निवासी 23 वर्षीय हिमांशु पुत्र करन सिंह के रूप में हुई है। घटना बिजनौर कोतवाली शहर क्षेत्र के जैन फार्म के पास की है। परिजनों ने बताया कि हिमांशु रविवार दोपहर करीब एक बजे घर से निकला था। देर शाम तक घर न लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। इसी बीच, ग्रामीणों ने जैन फार्म के पास एक बाग में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद शव की शिनाख्त हिमांशु के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, मृतक शराब पीने का आदी था। प्रारंभिक जांच में शव पर किसी प्रकार की चोट या संघर्ष के निशान नहीं पाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मृत्यु के सही कारण का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। परिजनों को सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंच गए। इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है। एएसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि देर शाम जैन फार्म में एक शव मिलने की सूचना मिली थी। शव का परीक्षण करने पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। मौत का सही कारण जानने के लिए शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है और अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।