राष्ट्रीय सनातन संघ ने गोमती तट पर देव दीपावली का पर्व मनाया। यह आयोजन लक्ष्मण मेला मैदान स्थित छठ घाट पर किया गया, जिसमें संघ के सनातनी श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस अवसर पर लगभग 500 दीप प्रज्ज्वलित किए गए, जिससे गोमती तट पर भक्तिमय वातावरण निर्मित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत आचार्य द्वारा गोमा मैया का पूजन और उन्हें दूध व फूल अर्पित करने से हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने गोमती के किनारे बड़ी संख्या में दीप जलाकर देवताओं को अर्पित किया और गोमा मैया की आरती की। इस दौरान श्रद्धालुओं में भक्ति भाव स्पष्ट रूप से देखा गया। आगामी योजनाओं पर चर्चा हुई इस कार्यक्रम से पहले राष्ट्रीय सनातन संघ की ओर से एक बैठक भी आयोजित की गई थी। इसमें आगामी योजनाओं पर चर्चा हुई और निर्णय लिया गया कि 12 जनवरी को लखनऊ में स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर एक बड़ी संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, बिहार, महाराष्ट्र, दिल्ली और राजस्थान सहित पांच राज्यों में भी विवेकानंद और महर्षि की जयंती पर संगोष्ठियां आयोजित होंगी। इन आयोजनों में स्वामी विवेकानंद पर शोध कर रहे छात्रों को भी सम्मानित किया जाएगा। यह पर्व धार्मिक आस्था का प्रतीक कार्यक्रम में राष्ट्रीय सनातन संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश खरे, महामंत्री विमलेश श्रीवास्तव, संयोजक भारत सिंह, उपाध्यक्ष बी. सिंह और वरिष्ठ भाजपा प्रवक्ता हृदय नारायण श्रीवास्तव सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में नैतिक और सांस्कृतिक मूल्यों को स्थापित करने का मार्ग प्रशस्त करते हैं।श्रद्धालुओं ने बताया कि दीपावली का यह पर्व न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि समाज में भाईचारे और एकता की भावना को भी मजबूत करता है।