सांड के हमले से युवक की मौत:कानपुर में इलाज के दौरान गई जान, परिजनों में शोक का माहौल

कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र के हरबसपुर गांव में अन्ना सांड के हमले में गंभीर रूप से घायल एक युवक की हैलट अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बिधनू सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया था। इस घटना ने क्षेत्र में अन्ना जानवरों के बढ़ते आतंक और संबंधित अधिकारियों की लापरवाही पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, हरबसपुर गांव निवासी 25 वर्षीय सोमेश पुत्र पुत्तन शुक्ला रविवार सुबह अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान वहां घूम रहे एक अन्ना सांड ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें पटक दिया, जिससे सोमेश गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने आनन-फानन में सोमेश को बिधनू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच में रीढ़ की हड्डी टूटने की पुष्टि की और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया। हालत गंभीर होने के कारण सोमेश को हैलट अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। क्षेत्र में अन्ना जानवरों का आतंक लगातार जारी है, जिससे ग्रामीण दहशत में हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अन्ना सांडों के हमले में पहले भी दर्जनों लोग घायल हो चुके हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में घूम रहे इन खूंखार अन्ना सांडों को पकड़ने के लिए जिम्मेदार अधिकारी और विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। हाइवे पर भी अक्सर इन अन्ना जानवरों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इस ताजा घटना के बाद ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति गहरा रोष व्याप्त है।