हमीरपुर में विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या की:मई में हुई शादी, 4 दिन पहले आई थी मायके; रात में पति से बात कर उठाया कदम

हमीरपुर के बिवार में एक युवती ने मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवती चार दिन पहले ही अपनी ससुराल से मायके आई थी। उसने रात में अपने पति से फोन पर बात की थी, जिसके बाद रविवार सुबह यह कदम उठाया। निवादा गांव निवासी 20 वर्षीय नेहा पुत्री भूरेलाल अनुरागी का शव सुबह उसके कमरे में छत के कुंदे से साड़ी के सहारे लटका मिला। युवती की भाभी ने उसे फांसी पर लटका देखा और तुरंत परिजनों को सूचना दी। नेहा की शादी गत मई माह में कुरारा थाना क्षेत्र के रिठौरा गांव निवासी अखिलेश पुत्र कमलेश के साथ हुई थी। वह चार दिन पहले ही अपनी ससुराल से मायके आई थी। घटना की जानकारी मिलने पर युवती के भाई पुष्पेंद्र ने स्थानीय पुलिस को सूचित किया। एसआई विजय बहादुर मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना अध्यक्ष नंदराम प्रजापति ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने पर फोन की कॉल डिटेल निकालकर मामले की जांच की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।