औरैया जिले के फफूंद कस्बे में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसे सीएचसी दिबियापुर लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भतीजे ने उसकी लिव-इन पार्टनर पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान मोतीपुर निवासी 32 वर्षीय आफताब के रूप में हुई है। वह बकरी का व्यापार करते थे। करीब 8 साल पहले उनकी शादी कानपुर निवासी सोनम से हुई थी। उनके एक बेटा और एक बेटी है। बाद में आफताब का कटरा मोहल्ला निवासी मैनाज से अफेयर हो गया। मैनाज भी शादीशुदा थी, लेकिन कुछ सालों से वह अपने पति को छोड़कर आफताब के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थी। मैनाज के आने के बाद आफताब की पहली पत्नी सोनम बच्चों को लेकर अपने मायके चली गई थी। रविवार देर शाम आफताब की तबीयत अचानक बिगड़ी। मैनाज उसे लेकर सीएचसी दिबियापुर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीएचसी पहुंचे आफताब के भतीजे चांद बाबू ने मैनाज पर जहर देकर आफताब की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं, मैनाज ने आरोपों को गलत बताते हुए अपनी सफाई दी। उसने बताया कि आफताब के सीने में दर्द उठा था। वह उसे एक व्यक्ति की मदद से औरैया ले गई थी, जहां से डॉक्टरों ने उसे बाहर ले जाने को कहा। जब वह घर आकर बाहर ले जाने की व्यवस्था कर रही थी, तब तक पानी पीने के बाद आफताब जमीन पर गिर गए। इसके बाद वह उन्हें सीएचसी दिबियापुर ले आई थी। डॉ. जयवीर सिंह ने मामले को संदिग्ध बताया। फफूंद थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा। मृतक आफताब के सात भाई और दो बहन हैं।