लापता किशोरी का शव तालाब में मिला:दो दिन पहले घर से निकली थी, जांच में जुटी पुलिस

सीतापुर के मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के परसौली गांव में सोमवार शाम उस समय सनसनी फैल गई। जब दो दिन से लापता एक किशोरी का शव गांव के किनारे स्थित तालाब में उतराता मिला। शव की पहचान परिजनों ने 14 वर्षीय आंशी पुत्री मंजेश के रूप में की। घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परसौली निवासी मंजेश की पुत्री आंशी शनिवार सुबह करीब आठ बजे परिवार के लोगों की डांट फटकार से क्षुब्ध होकर अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने पहले उसे आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां तलाशा, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। निराश होकर परिजनों ने कोतवाली मिश्रिख पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू की थी। दो दिन की खोजबीन के बाद सोमवार शाम ग्रामीणों ने गांव के बाहर स्थित गड़हा तालाब में एक शव उतराता हुआ देखा। उन्होंने तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान आंशी के रूप में की। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया और घटनास्थल की बारीकी से जांच कर पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मुख्यालय भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह ने बताया कि किशोरी की गुमशुदगी का मुकदमा पहले ही दर्ज था। अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में किसी तरह की स्पष्ट चोट के निशान सामने नहीं आए हैं, फिर भी सभी पहलुओं पर जांच जारी है। गांव में किशोरी की मौत से मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।