बरेली पुलिस ने 280 गुमशुदा मोबाइल लौटाए:45 लाख रुपये के फोन मालिकों को सौंपे, 2025 में 4.65 करोड़ के 2376 फोन बरामद

बरेली पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत 280 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए हैं। इन मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 45 लाख रुपये आंकी गई है। सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइंस सभागार में एसपी दक्षिण अंशिका वर्मा ने यह जानकारी दी। एसपी दक्षिण अंशिका वर्मा ने बताया कि यह उपलब्धि एसएसपी बरेली के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। इस अभियान के तहत हर महीने गुमशुदा मोबाइलों की तलाश के लिए जनपद स्तर पर पुलिस की सर्विलांस सेल और थानों के कंप्यूटर ऑपरेटरों की एक संयुक्त टीम गठित की जाती है। अक्टूबर माह में इस टीम ने तकनीकी सहयोग और एक विशेष पोर्टल का उपयोग कर इन गुमशुदा मोबाइलों की पहचान की और उन्हें बरामद किया। एसपी दक्षिण ने अपने हाथों से सभी मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंपे। मोबाइल पाकर लोगों ने पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया। बरेली पुलिस ने वर्ष 2025 में अब तक कुल 2,376 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 4.65 करोड़ रुपये है। पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया इस अवसर पर अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नौ पुलिसकर्मियों को 500 रुपये और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में कंप्यूटर ऑपरेटर अजय कुमार (थाना कैंट), कांस्टेबल अनुज कुमार (थाना किला), कंप्यूटर ऑपरेटर वीरपाल (थाना बारादरी), कांस्टेबल आदित्य जावला (थाना सिरौली), कंप्यूटर ऑपरेटर अनुराग (थाना फरीदपुर), कंप्यूटर ऑपरेटर निशांत शुक्ला (थाना भूता), कांस्टेबल सुहैल (थाना शीशगढ़), कंप्यूटर ऑपरेटर प्रीतम (थाना नवाबगंज) और महिला कांस्टेबल शालू (थाना हाफिजगंज) शामिल हैं।