यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:6 महिलाएं ट्रेन से कटीं, अरबपति DSP ने चुप्पी तोड़ी, योगी बोले- बुलडोजर चलने वाला है; अंडरवियर वाला चोर

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर मिर्जापुर से है, जहां ट्रेन से कटकर 6 महिलाओं की मौत हो गई। वहीं, दूसरी खबर काशी मनाई जा रही देव-दीपावली को लेकर है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, यूपी दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- मिर्जापुर में 6 महिलाओं की ट्रेन से कटकर मौत, कार्तिक स्नान के लिए जा रही थीं मिर्जापुर में बुधवार को कालका एक्सप्रेस ट्रेन से कटकर 6 महिलाओं की मौत हो गई। इनमें दो बहनें हैं। हादसा सुबह चुनार स्टेशन पर हुआ। पैसेंजर ट्रेन, चुनार के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर पहुंची थी। कार्तिक पूर्णिमा के चलते भीड़ अधिक थी। काफी लोग प्लेटफॉर्म पर न उतरकर दूसरी तरफ ट्रैक पर उतर गए। उसी समय एक्सप्रेस आ गई, पुरुष भागकर चढ़ गए लेकिन महिलाएं प्लेटफार्म पर चढ़ न सकी और चपेट में आ गईं। पढ़ें पूरी खबर
2- काशी में देव दीपावली पर घाट जगमगाए, विदेशी बोले- इट्स अमेजिंग वाराणसी में देव दीपावली मनाई जा रही। सीएम योगी ने दीप प्रज्जवलित कर शुभारंभ किया। काशी में गंगा किनारे सभी 84 घाटों को दुल्हन की तरह सजाया गया। यहां 40 से अधिक देशों के लोग पहुंचे हैं। तटों से लेकर नौकाएं तक लाखों टूरिस्टों से फुल है। काशी के घाट 25 लाख दीयों से जगमग हैं। ऐसा लग रहा जैसे आसमान के तारे गंगा के तटों पर टिमटिमा रहे। प्रयागराज, मथुरा आदि शहरों में भी आयोजन हुआ। पढ़ें पूरी खबर 3- योगी बोले- बिहार में भी बुलडोजर चलेगा, अखिलेश ने कहा- हमारे सीएम एकरंगी हैं बिहार प्रचार करने पहुंचे सीएम योगी और सपा प्रमुख अखिलेश ने एक-दूसरे पर निशाना साधा। गया के वजीरगंज में योगी ने सभा में खड़े 7 बुलडोजर दिखाते हुए कहा- ‘देख लीजिए यही आपके बिहार में भी चलने वाले हैं। बस हमारी सरकार बनवाइए।’ जमुई में अखिलेश ने कहा- हमारे यहां एकरंगी सीएम हैं। जिस अयोध्या से BJP ने सांपद्रायिक राजनीति शुरू की, वहां हमने बीजेपी को हराया। पढ़ें पूरी खबर 4- CO ऋषिकांत ने अखिलेश दुबे से रिश्तों पर तोड़ी चुप्पी, 100 करोड़ की संपत्ति मामले में हुए हैं सस्पेंड कानपुर के अखिलेश दुबे से संबंध रखने वाले सस्पेंडेड सीओ ऋषिकांत शुक्ला पहली बार सामने आए। वीडियो जारी कर कहा- मुझे फंसाया जा रहा। पूर्व पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार को कुछ लोगों ने गुमराह किया, जिससे उन्होंने गलत रिपोर्ट भेजी। उनको 100 करोड़ की संपत्ति मामले में सस्पेंड किया गया। खुलासा करने वाले ने कहा- उसके पास 500 करोड़ की संपत्ति, दुबे के इशारे पर किए 23 एनकाउंटर। पढ़ें पूरी खबर 5- झांसी में क्रिकेट खेलते समय अफसर की मौत, बॉलिंग के दौरान गिर पड़े झांसी में बुधवार को क्रिकेट खेलते वक्त 30 साल के एलआईसी अफसर की मौत हो गई। वो दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहे थे। बॉलिंग के दौरान वे बीच में रुके और पानी पिया। इसके बाद अचानक उल्टियां होने लगीं और वे मैदान पर ही गिर पड़े। दोस्तों ने एम्बुलेंस बुलाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के सिद्धेश्वर इलाके के GIC ग्राउंड की है। पढ़ें पूरी खबर अब 8 अहम खबरें… 6- आगरा में दीप्ति की मां बोलीं- बेटी के रिश्ते बहुत आ रहे, लेकिन पहले बहू लाऊंगी भारतीय महिला टीम को वीमेन वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूमिका निभाने वाली आगरा की बेटी दीप्ति शर्मा के प्रदर्शन पर परिवार गौरवान्वित है। भास्कर से बातचीत में मां सुशीला शर्मा ने कहा- दीप्ति की शादी के लिए बहुत रिश्ते आ रहे। पहले बहू लाऊंगी, फिर बेटी विदा करुंगी। उन्होंने कहा- मेरी बेटी खाना बहुत बढ़िया बनाती है। उसके हाथ के बने खाने को हमारी पूरी फैमिली मिस कर रही है। पढ़ें पूरी खबर 7- बहराइच में कोहरे की वजह से परिवार खत्म, उन्नाव में गंगा नहाने जा रहे 3 भाइयों की मौत बहराइच में कोहरे के चलते चार लोगों की जान चली गई। डंपर ने बाइक सवार पति-पत्नी, उनके 3 साल के बेटे और साले को रौंद दिया। बाइक डंपर में फंसकर 50 मीटर तक घिसटती रही। इसके बाद डंपर गड्ढे में पलट गया। पहिए में चारों शव बुरी तरह फंस गए थे। उधर, उन्नाव में कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने जा रहे तीन सगे भाइयों को पिकअप ने रौंद दिया। तीनों की मौत हो गई। वे एक ही बाइक से जा रहे थे।पढ़ें पूरी खबर 8- लखनऊ में मुख्तार की जमीन पर बने 70 फ्लैट, भावुक शायरी पर योगी ने बजाई ताली लखनऊ में माफिया मुख्तार अंसारी के कब्जे मुक्त कराई जमीन पर बने घरों की चाबी उनके नए मालिकों को सौंप दी गई। सीएम योगी ने इन घरों की चाबी 72 परिवारों को दी। घर पाने के बाद सोनू कनौजिया भावुक हो गए। उन्होंने शायरी पढ़कर सीएम का आभार जताया। सीएम ने शायरी सुनकर खूब तालियां बजाई। योगी बोले- माफिया की कब्र पर फातिहा पढ़ने वालों पर भी कार्रवाई होगी। पढ़ें पूरी खबर 9- मुजफ्फरनगर में JE को कीचड़ में परेड कराई, किसान नेता ने गला पकड़कर घसीटा मुजफ्फरनगर में सिंचाई विभाग के जेई को कीचड़ में घुसेड़ कर घुमाया गया। किसान नेता अंकुश चौधरी ने जेई का गला पकड़कर उन्हें कीचड़ में घसीटा। खतौली में सोमवार को रजवाहे की सफाई करवाई गई थी। सिंचाई विभाग कर्मियों ने गंदगी में निकली सिल्ट को वहीं छोड़ दिया। जेई अरविंद मीणा को गंदगी हटवाने के लिए गांववालों ने कई बार फोन किया। लेकिन उन्होंने सुनवाई नहीं की। पढ़ें पूरी खबर 10- प्रयागराज में अंडरवियर पहने चोर ने 8 लाख के मोबाइल चुराए, बॉडी पर तेल लगाकर घुसा प्रयागराज में मोबाइल शॉप से 10 मिनट में 8 लाख के मोबाइल चोरी हो गए। बुधवार को सामने आए VIDEO में एक युवक मोबाइल शॉप में अंडरवियर पहने दिखा। पहले वह पूरी दुकान को खंगालता है। फिर मोबाइल की रोशनी में एक कैरीबैग में मोबाइलों को भरता है और तेजी से निकल जाता है। उसने अपना चेहरा तक नहीं ढंका। पकड़ से बचने के लिए उसने अपनी पूरी बॉडी पर तेल लगा रखा था। पढ़ें पूरी खबर 11- 77 साल की हेमा मालिनी मथुरा में यशोदा बनीं, माखन चोर कान्हा को डांट लगाई मथुरा में चल रहे ब्रज रज उत्सव में सांसद और एक्ट्रेस हेमा मालिनी ने यशोदा कृष्ण की नृत्य नाटिका का मंचन किया। 77 साल की हेमा मालिनी ने मां यशोदा का किरदार निभाया। सांसद ने डेढ़ घंटे तक मंच पर अभिनय और डांस किया। यशोदा और कन्हैया की लीलाएं देख पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। हेमामालिनी ने कृष्ण को झूला झुलाया। वह माखन चोर कान्हा को प्यार से डांट लगाते हुए दिखीं। पढ़ें पूरी खबर 12- शाहजहांपुर में बसपा नेता मरने से पहले बोला- पुलिसवालों ने धकेला, दरोगा पर FIR शाहजहांपुर में बसपा नेता ने मौत से पहले पुलिस वालों पर धक्का देने का आरोप लगाया। पुलिस, बसपा नेता के आरोपी बेटे को पकड़ने पहुंची थी। बड़े बेटे ने कहा कि पुलिस ने पिताजी मारपीट की उन्हें छत से धकेल दिया। इसके कुछ देर बाद उनकी अस्पताल में मौत हो गई। सूचना के बाद बुधवार सुबह, जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ। देर शाम आरोपी दरोगा पर एफआईआर दर्ज कराई गई। पढ़ें पूरी खबर 13- मौलाना शहाबुद्दीन बोले- मुसलमान ‘हक’ फिल्म न देखें, इस्लाम में ये नाजायज है बरेली में मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि मुसलमान ‘हक’ फिल्म न देखें। इस्लाम में ये नाजायज है। आजकल फिल्म इंडस्ट्री ऐसी फिल्में बना रही जिसमें हिंदू-मुस्लिम ऐंगल देना आसान हो। ‘हक’ फिल्म भी इसी का हिस्सा है। ‘7 नवंबर को रिलीज हो रही हक मूवी, शाह बानो केस पर आधारित है। 1985-86 में शाह बानो केस को लेकर सड़क से संसद तक हंगामा मचा था। पढ़ें पूरी खबर खबर जो हटकर है… 14- ज्वेलरी शॉप का ताला नहीं तोड़ पाए चोर, 1 घंटे की मशक्कत के बाद खाली हाथ लौटे मऊ में 3 चोर ज्वेलरी शॉप का ताला तोड़ने के लिए 1 घंटे तक मशक्कत करते रहे, लेकिन ताला नहीं टूटा। पहले लोहे की रॉड ताले में फंसाकर 2 चोर उस पर कूदे। इसके बाद ताले पर लगातार ईंट मारते रहे। शटर में रॉड को फंसाकर उसे तोड़ने का प्रयास किया। जब सारे जुगाड़ और तिकड़मबाजी फेल हो गई, तब हताश होकर बिना चोरी किए लौट गए। पढ़ें पूरी खबर कल क्या रहेगा खास… 15- NEET PG एडमिशन 2025 का रजिस्ट्रेशन शुरू होगा यूपी में नीट पीजी राउंड 1 काउंसलिंग के लिए रजिस्ट्रेशन 6 नवम्बर से शुरू होगा। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…