बुलंदशहर में झूला टूटा, बच्ची की मौत:देवरिया में श्रद्धालुओं से भरी नाव सरयू में पलटी, महिलाएं चिल्लाईं, छटपटाने लगीं

यूपी में कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा घाटों पर स्नान के लिए भीड़ उमड़ी। देवरिया में सरयू नदी में 12 श्रद्धालुओं से भरी नाव पलट गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। महिलाएं चिल्लाने लगीं। घाट पर अफरा-तफरी मच गई। श्रद्धालुओं को डूबता देख घाट पर मौजूद गोताखोर और नाविक नदी में कूद गए। जैसे-तैसे महिलाओं और डूब रहे श्रद्धालुओं को रस्सी के सहारे खींचकर बाहर लाए। हादसा बरहज थाना क्षेत्र में गंगा घाट पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- सरयू का बहाव तेज था। नाव भी ओवरलोड थी। ऐसे में बीच धारा में पहुंचते ही नाव डगमगा गई और पलट गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि जहां हादसा हुआ वहां नदी की गहराई 20 फीट से ज्यादा थी। वहीं, देर शाम बुलंदशहर के रामघाट पर लगे कार्तिक पूर्णिमा मेले में लगा झूला टूट गया। इसमें 7 साल की बच्ची हिमांशी की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य लोग घायल हो गए। देवरिया हादसे की तस्वीरें… काशी-प्रयागराज पहुंचे 10 लाख से ज्यादा श्रद्धालु
कार्तिक पूर्णिमा पर काशी और प्रयागराज में 10 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया। अयोध्या में सरयू नदी के घाटों पर भी 5 लाख श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई। यहां हनुमान गढ़ी में दर्शन के लिए भक्तों की एक किमी लंबी लाइन लगी रही। अमरोहा, हापुड़ और बरेली के घाटों पर भी स्नानार्थियों का सैलाब उमड़ा। बदायूं में भक्त बैलगाड़ी से गंगा स्नान करने पहुंचे। कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली से जुड़े अपडेट्स के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…