शीतला चौकियां धाम में 51 हजार दीपक जले:देव दीपावली पर डीएम-एसपी ने की आरती, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

जौनपुर के शीतला चौकियां धाम में देव दीपावली के अवसर पर 51 हजार दीपक जलाए गए। यह आयोजन स्थानीय महिलाओं और बालिकाओं द्वारा किया गया, जो स्वयं दीपक के लिए तेल लेकर पहुंची थीं। कार्यक्रम की शुरुआत में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र और पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ भी धाम पहुंचे। उन्होंने गंगा आरती में भाग लिया। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि माता शीतला के धाम में जल रहे 51 हजार दीपक एक अद्भुत छटा बिखेर रहे हैं। कार्यक्रम अध्यक्ष पंडित विनय त्रिपाठी ने डीएम और एसपी का माता की चुनरी ओढ़ाकर स्वागत किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने माता शीतला के दर्शन किए और उसके बाद काल भैरव मंदिर में पूजन-अर्चन किया। शाम से ही झांकियों की प्रस्तुति भी चल रही थी।