देव दीपावली पर हनुमान घाट 21 हजार दीपों से जगमगाया:अपर्णा यादव ने की महाआरती, कहा- राहुल गांधी संविधान को ठीक से पढ़ें

इटावा में देव दीपावली के पावन पर्व पर बुधवार को यमुना नदी के हनुमान घाट पर आस्था और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। अंतरराष्ट्रीय करणी सेना परिवार, इटावा के तत्वावधान में आयोजित देव दीपावली एवं महाआरती महोत्सव में पूरा घाट दीपमालाओं से सुसज्जित होकर जगमगा उठा। हजारों श्रद्धालु और शहरवासी परिवारों सहित घाट पर पहुंचे और इस अद्भुत दृश्य के साक्षी बने। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चौहान उपस्थित रहे।
आयोजन की तैयारी और संचालन की जिम्मेदारी आशीष प्रताप चौहान ने संभाली, जबकि कार्यक्रम का आयोजन जिलाध्यक्ष धीतेंद्र प्रताप सिंह एवं उनकी टीम द्वारा किया गया। दीपों की रोशनी से निखरी घाट की सुंदरता शाम करीब साढ़े 7 बजे मंत्रोच्चार और भजन-कीर्तन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके उपरांत घाट पर 21 हजार दीपों को प्रज्ज्वलित किया गया।
दीपों की लौ जब यमुना की लहरों में झिलमिलाने लगी, तो पूरा घाट अलौकिक प्रकाश में नहाने लगा। चारों ओर हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। अपर्णा यादव ने की महाआरती, दिया समाजहित का संदेश रात लगभग साढ़े आठ बजे श्रीमती अपर्णा यादव कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं। उन्होंने श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए कहा- “देव दीपावली केवल उत्सव नहीं, बल्कि संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और समाज में सद्भाव का संदेश है। हमें सनातन मूल्यों, कर्तव्य भावना और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए। इसके बाद उन्होंने शंख-ध्वनि और मंत्रोच्चार के बीच यमुना तट पर भव्य महाआरती की। श्रद्धालुओं ने दीपों के साथ आरती में भाग लिया और प्रदेश में शांति, सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। लेजर शो और आतिशबाजी बनी आकर्षण का केंद्र दीपोत्सव के साथ-साथ लेजर शो, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और रंगीन आतिशबाजी ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। घाट की सीढ़ियाँ, पाथवे, घाट किनारा और मंदिर परिसर दीपमालाओं व रंग-बिरंगी रोशनी से इस तरह सजे कि पूरा तट मानो प्रकाश पर्व का जीवंत चित्र बन गया। युवाओं ने निभाई अहम भूमिका करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने कई दिनों से चल रही तैयारियों के तहत घाट की साफ-सफाई, दीप सज्जा, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन की जिम्मेदारी निभाई।
आयोजन में नगर और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की सक्रिय भागीदारी रही। महोत्सव देर रात तक गूंजता रहा भक्ति के सुरों में भजन, दीपदान और श्रद्धा की लहरों के बीच महोत्सव देर रात तक चलता रहा। हनुमान घाट की सुंदर सजावट, शांत बहती यमुना और दीपों की झिलमिल रोशनी ने इस देव दीपावली को इटावा के धार्मिक इतिहास में एक स्मरणीय अध्याय बना दिया। मीडिया से बातचीत में अपर्णा यादव ने कहा, “मैं अटल जी के शब्दों में कहना चाहूंगी, बिहार में सूरज उगेगा, कमल खिलेगा। जिस प्रकार की अराजकता कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में बिहार में रही है, वहां जो विकास 50 साल पहले होना चाहिए था, वह एनडीए सरकार में अब जाकर संभव हुआ है। इस बार पूर्ण रूप से कमल खिलेगा और भारतीय जनता पार्टी अपनी विजय पताका फहराएगी। राहुल गांधी के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, राहुल गांधी बार-बार सनातन धर्म और संवैधानिक पदों पर टिप्पणी करते हैं। उन्हें पहले संविधान को ठीक से पढ़ना चाहिए और भारत तथा राष्ट्रीयता के प्रति अपनी सोच को सकारात्मक बनाना चाहिए। देखें दो फोटो…