सोनभद्र में देव दीपावली काशी की तर्ज पर आयोजन:घाटों पर जले हजारों दीपक, भक्तिमय हुआ वातावरण

सोनभद्र में बुधवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देव दीपावली काशी की तर्ज पर भव्यता के साथ मनाई गई। इस दौरान नदी और तालाबों के घाट हजारों दीपों से जगमगा उठे। विभिन्न घाटों परआकर्षक रंगोलियां बनाई गईं। वहीं गंगा आरती सहित कई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कई स्थानों पर दीपों से देव दीपावली शब्द का सुंदर निर्माण किया गया था,जिससे पोखरा और तालाब के घाट पूरी तरह रोशन हो गए। सोनभद्र के रेणुकूट,अनपरा, शक्तिनगर, चोपन,ओबरा और दुद्धी सहित जिले के प्रमुख स्थानों पर देव दीपावली बड़े उत्साह के साथ मनाई गई। रॉबर्ट्सगंज स्थित रामसरोवर तालाब पर मारवाड़ी युवा मंच द्वारा 1100 दीपक जलाए गए। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच सोनभद्र, महिला युवा मंच सोन महिला शाखा और राणी सती दादी भक्त मंडल ने रामसरोवर जलाशय पर देव दीपावली का आयोजन किया था। मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष हिमांशु केजरीवाल ने बताया कि उनका मंच लगातार सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहा है।इसी कड़ी में इस वर्ष देव दीपावली के अवसर पर रामसरोवर पर दीपदान का कार्यक्रम आयोजित किया गया। दीपनगर स्थित पोखरा पर नगर पालिका की ओर से भी दीप जलाए गए। इस मौके पर सदर विधायक भूपेश चौबे भी मौजूद रहे,नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने बताया कि देव दीपावली के लिए तालाब और घाटों की विशेष सफाई कराई गई थी। उन्होंने कहा कि नगर पालिका ने इस कार्यक्रम को भव्य बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। दूसरी ओर, चोपन में सोन नदी के तट पर स्थित सोनेश्वर घाट भी दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। घाट की ओर जाने वाले मार्ग की सफाई, रंग-रोगन और सजावट भी आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। इस दौरान समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गौड़, विधायक सदर भूपेश चौबे जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, एडीएम वगीश कुमार शुक्ला, पूर्व सांसद नरेंद्र सिंह कुशवाहा सहित सम्मानित अन्य कई जनप्रतिनिधि गण व अधिकारी गण उपस्थित रहे। गंगा आरती की तर्ज पर काशी के पुरोहितों की टीम सोन की आरती भी की। उधर दुद्धी कस्बा के शिवाजी तालाब पर देर शाम देव दीपावली पर दीप जलाए गए। कार्यक्रम के दौरान भव्य गंगा आरती भी हुई।