कुशीनगर के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग किसान की मौत हो गई। यह घटना रायपुर-देवतहा संपर्क मार्ग पर हुई। हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया और देर रात तक शव दरवाजे पर ही पड़ा रहा, जबकि पुलिस परिजनों को समझाने का प्रयास करती रही। रायपुर भैसही के टोला भेडीहारी निवासी लोभी साहनी बुधवार शाम करीब चार बजे अपनी साइकिल से सब्जी लेकर देवतहा बाजार जा रहे थे। इसी दौरान देवतहा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार सेब लदी पिकअप वैन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से लोभी साहनी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए। आसपास के लोगों ने उन्हें तुरंत एक निजी वाहन से महराजगंज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक छा गया। मृतक के परिवार में पत्नी दुलारी देवी, पुत्र जयकुमार और राजकुमार, बहू भाग्यवानी देवी, तथा नाती नीतेश और रिकेश का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को अपने घर पर खड़ा कर लिया है। देर शाम सूचना मिलने पर पुलिस मृतक के घर पहुंची। हालांकि, परिवार के सदस्यों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद गौतम ने बताया कि परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी नहीं हैं और उन्हें समझाने का प्रयास किया जा रहा है।