गोरखपुर के नगर निगम सभागार में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। नगर आयुक्त ने कहा कि बेतियाहाता हनुमान मंदिर रोड, हरिहर प्रसाद दुबे मार्ग, मेडिकल कॉलेज रोड, नौसढ़ मेन रोड और हार्बट बंधे से हांसुपुर नॉर्मल तिराहा रोड पर सफाई के बावजूद दिनभर कूड़े के ढेर बने रहते हैं। उन्होंने सभी जोनल अधिकारियों को ऐसे स्थानों को “गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट” के रूप में चिन्हित कर स्थायी रूप से समाप्त करने के निर्देश दिए। अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार को इसकी नियमित समीक्षा करने को कहा गया। रेलवे स्टेशन रोड की स्थिति पर फटकार नगर आयुक्त ने रेलवे स्टेशन रोड पर रात्रिकालीन सफाई के बाद भी कूड़ा और गंदगी मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने नगर स्वास्थ्य अधिकारी और जोनल अधिकारी को निर्देश दिया कि रेलवे स्टेशन रोड की सफाई “उच्च मानक” के अनुसार की जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर आयुक्त ने नालों के किनारे चल रही अवैध चिकन और मटन की दुकानों को तत्काल हटवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन दुकानों को हटाने के बाद संबंधित क्षेत्र के सफाई सुपरवाइजर और मेठ की जिम्मेदारी तय की जाए ताकि वहां दोबारा ऐसी दुकानें न लगें। सभी अधिकारी को मैदान में उतरने के निर्देश सभी जोनल अधिकारियों को आदेश दिया गया कि वे साप्ताहिक समीक्षा बैठक कर अपने जोन की सफाई व्यवस्था की स्थिति का आकलन करें। इसके साथ ही अपर नगर आयुक्त और जोनल अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे प्रतिदिन सुबह 7 बजे से क्षेत्र में निकलकर सफाई की वास्तविक स्थिति देखें। नगर आयुक्त ने कहा कि वे स्वयं भी प्रतिदिन प्रातःकाल शहर का दौरा करेंगे और सफाई व्यवस्था का प्रत्यक्ष निरीक्षण करेंगे। उन्होंने मुख्य सफाई निरीक्षक पवन को शहर के प्रमुख चौराहों पर जमी धूल की नियमित धुलाई और सफाई कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में अपर नगर आयुक्त, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, सभी जोनल अधिकारी, सेनेटरी अधिकारी, मुख्य सफाई निरीक्षक और सफाई निरीक्षक मौजूद रहे।