अहमदाबाद में हो सकता है टी-20 वर्ल्डकप 2026 का फाइनल:पाकिस्तान पहुंचा तो न्यूट्रल वेन्यू पर मुकाबला होगा; ICC ने 8 वेन्यू शॉर्टलिस्ट किए

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम को टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल की मेजबानी के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। PTI के मुताबिक भारत ने गुरुवार को कुछ वेन्यू की लिस्ट ICC में भेजी थी। ICC ने भारत के अहमदाबाद, दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई और मुंबई को शॉर्टलिस्ट किया है। वहीं श्रीलंका के भी 3 वेन्यू को चुना, इनमें कोलंबो और कैंडी शामिल हैं। PTI के मुताबिक अगले सप्ताह वर्ल्ड कप का शेड्यूल और ग्रुप डिटेल रिलीज की जा सकती है। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होगा। BCCI की सूची में फाइनल के लिए अहमदाबाद को प्राथमिकता दी गई है, लेकिन ICC ने फाइनल का वेन्यू तय नहीं किया। अगर पाकिस्तान फाइनल में जगह बनाता है, तो टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला (कोलंबो) एक न्यूट्रल वेन्यू पर होगा। चैंपियंस ट्रॉफी से पहले BCCI और PCB के बीच यह सहमति बनी थी कि भविष्य में दोनों टीमें एक-दूसरे के देशों की यात्रा नहीं करेंगी, बल्कि अपने मुकाबले न्यूट्रल वेन्यू पर खेलेंगी। BCCI ने अपना प्रस्तावित शेड्यूल ICC को भेज दिया है। ऑफिशियल शेड्यूल जल्द जारी हो सकता है। भारत के 5 वेन्यू शॉर्टलिस्ट हुए
BCCI ने टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए अहमदाबाद, दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई और मुंबई को शॉर्टलिस्ट किया है। जानकारी के मुताबिक, श्रीलंका में तीन स्टेडियमों को भी मैचों की मेजबानी के लिए चुना जाएगा, हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वे कौन से वेन्यू होंगे। यह भी तय नहीं हुआ है कि बेंगलुरु और लखनऊ को मेजबान स्थलों में शामिल किया जाएगा या नहीं, क्योंकि इस बार भारत श्रीलंका के साथ मिलकर टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है। BCCI पहले ही यह स्पष्ट कर चुका है कि जिन वेन्यू पर ICC महिला वनडे वर्ल्ड कप के मुकाबले खेले गए थे, उन्हें मेंस के टूर्नामेंट के लिए नहीं चुना जाएगा। महिला वर्ल्ड कप के मैच गुवाहाटी, विशाखापत्तनम, इंदौर और नवी मुंबई में खेले गए थे। शेड्यूल फाइनल होना बाकी
ICC ने फिलहाल सभी टीमों को संभावित तारीखें ही भेजी हैं। फाइनल शेड्यूल तय होना बाकी है। टूर्नामेंट में 2024 की तरह ही 20 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनके बीच 55 मैच खेले जाएंगे। 5-5 टीमों को 4 ग्रुप में बांटा जाएगा। हर ग्रुप से टॉप-2 टीमें सुपर-8 में जाएंगी। जहां 4-4 टीमों को 2 ग्रुप में बांटा जाएगा। हर ग्रुप से टॉप-2 टीमों को सेमीफाइनल में एंट्री मिलेगी। सेमीफाइनल जीतने वाली टीमों के बीच फाइनल होगा। भारत, वेस्टइंडीज और इंग्लैंड ने 2-2 टाइटल जीते
टी-20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 2007 में हुई। भारत ने पहले एडिशन के फाइनल में पाकिस्तान को हराकर टाइटल जीता था। इसके 17 साल बाद भारत ने 2024 में साउथ अफ्रीका को फाइनल हराया और दूसरी बार टाइटल जीता। भारत के अलावा वेस्टइंडीज और इंग्लैंड ने भी 2-2 टाइटल जीते हैं। पाकिस्तान, श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया ने 1-1 बार खिताब जीता है।