सिद्धार्थनगर में पेट्रोल डालकर प्रेमी को जिंदा जलाया:शादीशुदा महिला ने बहन के साथ मिलकर हाथ-पैर पकड़े, भाई ने आग लगा दी

सिद्धार्थनगर में एक युवक को उसकी शादीशुदा प्रेमिका के घरवालों ने पकड़कर जिंदा जला दिया। गोरखपुर के BRD मेडिकल कॉलेज में उसकी मौत हो गई। वह प्रेमिका और उसके परिवार के बुलाने पर बुधवार की रात खाना खाने पहुंचा था। तभी वारदात को अंजाम दिया गया। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना खेसरहा थाना क्षेत्र के बरनवार गांव की है। दिवाली से पहले फरार हुए थे दोनों
बरनवार गांव निवासी कृष्णदेव उर्फ रोहित पांडे का गांव की ही रहने वाली सुधा यादव से अफेयर था। दोनों पहले घर से फरार हो गए थे और दिवाली के समय वापस लौट आए। सुधा यादव की शादी 8 साल पहले जोगिया उदयपुर कोतवाली क्षेत्र के हाटा खास गांव में हुई थी। लेकिन वो इन दिनों अपने मायके में ही रह रही थी। घर से भगाए जाने की घटना के बाद से प्रेमिका के परिवार वाले कृष्णदेव पर नाराज थे। पत्नी ने बताई पूरी कहानी
कृष्णदेव की पत्नी पूनम ने बताया- बुधवार रात करीब 8 से 9 के बीच गांव के ही सुधा यादव और उसकी बहन माधुरी व भाई राकेश ने घर पर खाना खाने के बहाने मेरे पति को बुलाया था। देर रात तक वो जब वापस नहीं आए तो हम लोग उनके घर जाने लगे। जहां रास्ते में मेरे पति झुलसे हालत में तड़पते हुए घर आ रहे थे। उन्हें देखते ही हम लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई। आनन-फानन में पति को एम्बुलेंस से नजदीकी अस्पताल ले गए। डॉक्टरों के अनुसार, कृष्णदेव करीब 70 फीसदी झुलस गया था। इसलिए गोरखपुर रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान गुरुवार शाम मौत हो गई। पत्नी बोली- खून का बदला खून चाहिए
पत्नी ने रोते हुए बताया, सुधा और उसके परिवार ने खाने के दौरान ही पूरी प्लानिंग करके गांव के किसी लड़के से पेट्रोल मंगवाया। सुधा और माधुरी ने पकड़कर मेरे पति के ऊपर पेट्रोल डाला। बाद में उसके भाई राकेश ने आग लगाकर जिंदा जला दिया। मेरे पति की जैसे हत्या हुई है। वैसे मुझे भी खून का बदला खून चाहिए। मेरे पति दिल्ली में ड्राइवरी का काम करते थे। उनके सहारे ही घर चलता था। हमारे दो बेटे हैं। 6 साल का अमन और 5 साल का विशाल। अमन कक्षा 1 में पढ़ता है, जबकि विशाल एलकेजी में है। अब इन बच्चों को कौन संभालेगा। पुलिस बोली- एक आरोपी गिरफ्तार
मामले को लेकर थाना अध्यक्ष अनूप कुमार मिश्र ने बताया – पीड़ित की पत्नी पूनम के तहरीर के आधार पर तीनों आरोपितों सुधा, माधुरी व राकेश के ऊपर मुकदमा लिखा गया है। एक आरोपी राकेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों महिलाएं फरार हैं। ——————— ये खबर भी पढ़ें THAR वाली यूट्यूबर वंशिका ने मां से की मारपीट, VIDEO:हापुड़ में धक्का दे गिराया, एक-दूसरे के बाल नोचे हापुड़ में THAR वाली यूट्यूबर के नाम से चर्चित वंशिका का अपनी मां से विवाद हो गया। इसका वीडियो सामने आया है। इसमें वंशिका अपनी मां में बहस कर रही हैं। देखते ही देखते वंशिका ने मां को धक्का दे दिया। इसके बाद दोनों में हाथापाई होने लगी। मारपीट करते हुए दोनों जमीन पर गिर गए। दोनों में 5 मिनट तक मारपीट होती रही। वंशिका की मां ने बेटी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र के मोदीनगर रोड का है। पूरी खबर पढ़ें