शामली में पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ अभियान के तहत एक अंतर्जनपदीय बाइक चोर को गिरफ्तार किया है। शामली कोतवाली पुलिस ने सिंभालका पुल के पास चेकिंग के दौरान कांजरहेड़ी बाबरी निवासी अमित को चोरी की बाइक के साथ पकड़ा। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) संतोष कुमार ने गुरुवार दोपहर एक प्रेसवार्ता में बताया कि अमित की गिरफ्तारी के बाद गहन पूछताछ की गई। उसकी निशानदेही पर खेड़ीकरमू रोड स्थित जंगल में एक गन्ने के खेत से छिपाई गई 7 अन्य चोरी की बाइकें, 3 बाइकों के पार्ट्स और नंबर प्लेटें बरामद की गईं। कुल 8 बाइकें और उनके पार्ट्स जब्त किए गए हैं। चोरी की बाइकों को घने जंगल में छिपाया एएसपी ने बताया कि आरोपी अमित ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पूछताछ में उसने खेड़ागदई निवासी अपने साथी अरुण का नाम बताया, जो फिलहाल फरार है। पुलिस ने अरुण की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की हैं और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, अमित और उसका साथी लंबे समय से अंतर्जनपदीय स्तर पर सक्रिय थे। वे चोरी की बाइकों को जंगल के घने इलाकों में छिपाते थे और बाद में उनके पार्ट्स बेचकर मोटी कमाई करते थे। इस गिरोह ने शामली जिले के विभिन्न इलाकों में दर्जनों बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। एएसपी संतोष कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि पुलिस अपराध के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि चेकिंग अभियान और तेज किया जाएगा और जनता से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।