एनकाउंटर के मामले में महिला SO पर प्रकीर्ण वाद दर्ज:गाजियाबाद में महिला SO ने 4 बदमाशों को किया था अरेस्ट, 2 को मारी थी पैर में गोली

गाजियाबाद में क्रासिंग रिपब्लिक थाने की SO के खिलाफ कोर्ट ने संज्ञान लेते हुए प्रकीर्ण वाद दर्ज किया है। मामला 26 अक्टूबर को हुए एनकाउंटर से सम्बंधित है। जिसमें कोर्ट द्वारा मांगने पर भी थाने की सीसीटीवी फुटेज नहीं दिखाने पर कोर्ट ने यह संज्ञान लिया है। पुलिस ने 26 अक्टूबर को 4 युवकों को एनकाउंटर में गिरफ्तार करना दिखाया। जिसमें सीसी टीवी फुटेज को कोर्ट में पेश न करने के मामले में एनकाउंटर पर ही सवाल उठने शुरू हो गए हैं। कोर्ट को नहीं दी सीसी टीवी फुटेज आरोपियों ने पेशी के दौरान कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उन्हें थाने से ही ले जाया गया था। इसके बाद कोर्ट ने थाना प्रभारी को थाने की सीसीटीवी फुटेज पेश करने का आदेश दिया। पुलिस ने पहले तकनीकी कारण बताकर समय मांगा इसके बाद थाने में आने वाले लोगों की निजता और मुखबिरों की पहचान उजागर होने का हवाला दिया। इस तर्क को कोर्ट ने अस्वीकृत करते हुए क्रासिंग रिपब्लिक थाना प्रभारी के खिलाफ कोर्ट में प्रकीर्ण वाद दर्ज करने का आदेश दिया है। कोर्ट ने सीएमओ को मेडिकल बोर्ड का गठन कर चारों युवकों का मेडिकल कराकर रिपोर्ट दाखिल करने का भी आदेश दिया है। जिसमें थाना प्रभारी कोर्ट में घटना से सम्बंधित सीसी टीवी फुटेज नहीं दे सकीं। साथ ही थाना प्रभारी सरिता मलिक कोर्ट नहीं गई और विवेचक दरोगा को भेज दिया। क्रासिंग रिपब्लिक क्षेत्र में 26 अक्टूबर को ऑटो में बैठाकर लूट करने वाले गिरोह के चार बदमाश इरफान गाजी, शादाब, अमन गर्ग और नाजिम खान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने का दावा किया था। बदमाशों से लूट में प्रयोग किया गया ऑटो भी बरामद किया गया था। 2 युवकों को एनकाउंटर में लगी थी गोली 27 अक्टूबर की सुबह क्रासिंग रिपब्लिक थाना पुलिस चेकिंग कर रही थी। जहां ऑटो में संदिग्ध लोगों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस ने ऑटो को रोका तो चालक ने दौड़ा दिया, जहां ऑटो सवार लोगों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग में इरफान निवासी डासना और शादाब निवासी डासना पैर में गोली लगने से घायल हो गए। जबकि अमन गर्ग और नाजिम को पुलिस ने भागते हुए पकड़ा। पुलिस ने दावा किया था कि यह सभी अपराधी ऑटो में महिलाओं से जेवरात लूटते थे। पुलिस ने मौके से एक ऑटो, एक मोबाइल फोन, 2 तमंचे, 2 कारतूस और सोने के जेवरात बरामद किए थे।