देवरिया शहर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क में गुरुवार को राष्ट्र सेविका समिति ने ‘देश दीपावली’ कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर भजन और दीपोत्सव के माध्यम से भक्ति, देशभक्ति और सांस्कृतिक भावना का संगम देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती और भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इसके बाद समिति की बहनों ने देशभक्ति और भक्ति से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे उपस्थित जनमानस भावविभोर हो उठा। पूरे पार्क में भारत माता के जयघोष और दीपों की पंक्तियों से आलोकित हो गया। भजन के उपरांत भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इसके बाद अखंड भारत के मानचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन कर देश की अखंडता, एकता और समृद्धि की कामना की गई। कार्यक्रम का समापन भारत माता की आरती के साथ हुआ, जिसमें सभी उपस्थित बहनों ने सहभागिता की। इस अवसर पर विभाग कार्यवाहिका शैल मिश्रा, प्रियंका, सिन्धुजा, कल्पना, सुमन, सौम्या, श्रेया सहित सरस्वती विद्या मंदिर की आचार्याएं और बड़ी संख्या में सेविका समिति की कार्यकर्ता बहनें उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने कहा कि दीपोत्सव केवल प्रकाश का पर्व नहीं, बल्कि यह राष्ट्र और संस्कृति के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे अपने घरों के साथ ही राष्ट्र के उत्थान के लिए भी दीप जलाएं, जिससे समाज में सकारात्मकता और देशभक्ति का संदेश फैले।