अयोध्या पहुंचे प्रदेश के नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने कहा कि बिहार में एनडीए की सरकार बनने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सुशासन इसका आधार बनेगा। मंत्री शर्मा बृहस्पतिवार को अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने नगर विकास विभाग और बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। साथ ही रामलला के दर्शन भी किए। बैठक में मंत्री की ओर से 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में राम मंदिर में होने वाले ध्वजारोहण समारोह के लिए नगर विकास और बिजली विभाग से संबंधित तैयारी पर चर्चा की गई। इस संबंध में उन्होंने अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि इस धाम की सेवा का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के लिए जो किया है, उसे युगों युगों तक भुलाया नहीं जा सकता है। अयोध्या पहुंचने पर सर्किट हाउस में नगर विकास मंत्री का स्वागत किया गया। इस दौरान रुदौली विधायक रामचंद्र यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह और पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल समेत अन्य पदाधिकारी व नेता मौजूद रहे।