कासगंज में घरेलू विवाद में अधेड़ पर चाकू से हमला:गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर, बेटे के सालों पर लगाया आरोप

कासगंज के गंजडुंडवारा थाना क्षेत्र के गणेशपुर गांव में घरेलू विवाद के चलते अधेड़ नूर मोहम्मद को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल से अलीगढ़ रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। नूर मोहम्मद अहमदाबाद में अपने बेटे गुलफाम के साथ फर्नीचर का काम करते हैं। गुलफाम का अपनी पत्नी निशा के साथ कोर्ट में केस चल रहा है। घटना के दिन, नूर मोहम्मद अहमदाबाद से अपने घर गणेशपुर पहुंचे थे। घर पहुंचने पर उन्हें ताला लगा मिला। जब नूर मोहम्मद ने ताला खोलकर घर की सफाई की, तो उनके बेटे गुलफाम की पत्नी निशा, उसकी सास और साले अनस व अमन वहां आ गए। आरोप है कि इन सभी ने नूर मोहम्मद के साथ मारपीट की, और अनस व अमन ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल नूर मोहम्मद को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिला अस्पताल के डॉक्टर मनीष कुमार ने बताया कि धारदार हथियार से हमला किया गया था और अधेड़ की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अलीगढ़ रेफर किया गया है।