प्रयागराज में प्रेमिका से परेशान होकर युवक ने सुसाइड कर लिया। वजह यह थी कि घरवाले शादी के लिए राजी नहीं हुए तो प्रेमिका उसके घर पहुंच गई। इतना ही नहीं, वह प्रेमी के कमरे में रहने भी लगी। प्रेमी के घरवाले उसे भगाते तो झगड़ा करती। जब प्रेमी उसे घर जाने को कहता तो लड़की कहती- पहले मांग में सिंदूर भरो…। चार दिन तक प्रेमिका बिना शादी के युवक के घर रही। सुबह-शाम लड़ाई-झगड़े और मारपीट की नौबत के बीच समझौते की कोशिश हुई। लड़की ने वहां से जाने के लिए 5 लाख रुपए मांगे। प्रेमी देने के लिए राजी हो गया। इसके बाद लड़की 15 लाख रुपए की मांग करने लगी। इससे परेशान होकर युवक टोंस नदी में कूद गया। 10 घंटे बाद गोताखोरों ने उसकी लाश बरामद की। मामले में शुक्रवार को प्रेमिका और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले दैनिक भास्कर की टीम गुरुवार को युवक के घर कौंधियारा थाना क्षेत्र के पिपरहटा गांव पहुंची और परिजनों से बात की। परिवार के कहने पर प्रेमिका को छोड़ा
शेषमणि यादव (22) दूध डेयरी चलाता था। उसका पड़ोस में रहने वाली लड़की से दो साल से अफेयर चल रहा था। दोनों ही एक ही जाति के थे, इसलिए उन्हें लगता था कि शादी आसानी से हो जाएगी। युवक ने अपने घर में शादी की बात की तो घरवालों ने मना कर दिया। उन्होंने डराया और कसमें खिलाईं कि वह अब कभी लड़की से बात नहीं करेगा। परिवार के कहने पर शेषमणि ने भी लड़की से रिश्ता तोड़ दिया। प्रेमिका जबरन प्रेमी के कमरे में रहने लगी
इधर, प्रेमिका प्यार में धोखा मिलने के बाद लगातार कोशिश करती रही कि प्रेमी और उसके घरवाले मान जाएं, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। धीरे-धीरे दोनों के रिश्ते की कहानी पूरे गांव में फैल गई। 1 नवंबर को लड़की बिना शादी के शेषमणि के घर पहुंच गई। वह जबरन उसके घर में घुसकर एक कमरे में रहने लगी। लड़की ने कहा- मैंने प्यार किया है, मुझे शादी करनी है। हम एक-दूसरे को ऐसे नहीं छोड़ सकते। अब यही मेरी ससुराल है। मुझे यहीं रहना है। शेषमणि के घरवालों ने उसे भगाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं गई। लड़की के घरवाले बोले- प्यार किया तो शादी करके साथ रखो
2 नवंबर की सुबह शेषमणि की मां जल्दी उठीं। कुछ देर बाद लड़की भी उठी। दोनों में झगड़ा शुरू हो गया। शेषमणि की मां ने धक्के देकर लड़की को घर से भगाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं गई। घर में खूब झगड़ा हुआ। इसके बाद लड़की के घरवालों को बुलाया गया। शेषमणि के घरवालों ने कहा- अपनी बेटी को यहां से ले जाओ। मेरे बेटे से इसकी शादी नहीं हो सकती, न ही यह मेरे घर में रह सकती है। इस पर लड़की के घरवालों ने कहा- इतने दिन प्यार का खेल खेला, अब शादी करने में क्या दिक्कत है? जब प्यार किया है तो अब शादी करके साथ रखो। बहन बोली- लड़की के परिवार ने रुपए की मांग की
शेषमणि की बहन गीत ने कहा, “लड़की के परिवार वालों ने रुपए की मांग भी रखी। पहले 5 लाख रुपए मांग रहे थे। जब घरवाले 5 लाख देने को राजी हो गए तो फिर 15 लाख रुपए की मांग करने लगे। यहां तक धमकी दी कि अगर पैसा नहीं मिला तो जान से मरवा देंगे। इसके बाद हम लोग पंचायत बुलाने जा रहे थे। इसी बीच, बुधवार सुबह करीब आठ बजे भाई घर से निकला। काफी देर तक तलाश की, लेकिन नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। गोताखोरों और मल्लाहों की टीम पूरे दिन उसकी तलाश में जुटी रही। देर शाम करीब छह बजे उसका शव बरामद हुआ। मेरे भाई का उस लड़की से कोई गलत संबंध नहीं था। पहले फोन पर बात होती थी, लेकिन बाद में लड़की अपने घरवालों के इशारे पर जबरदस्ती हमारे घर आ गई। वह भाई से मांग में सिंदूर भरने की जिद कर रही थी। हमारा भाई इसके लिए तैयार नहीं था। इसी दबाव में उसने जान दे दी।” आत्महत्या के लिए उकसाने पर पिता-बेटी समेत तीन गिरफ्तार
कौंधियारा पुलिस ने युवती मोहिनी यादव, उसके पिता राजकुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही 16 वर्षीय नाबालिग रिश्तेदार को पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है। परिवार के एक अन्य की तलाश की जा रही है। इन पर ब्लैकमेलिंग, वसूली करने, दबाव बनाने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। थाना प्रभारी कुलदीश शर्मा के मुताबिक, पिता–बेटी और अन्य ने प्लानिंग के तहत युवक को आत्महत्या के लिए उकसाया। जबरन युवक के घर जाकर हंगामा कराती रही। ऐसे में शेषमणि के परिवार की तहरीर पर केस दर्ज कर सभी को गिरफ्तार किया गया है। आगे की जांच जारी है। —————— ये खबर भी पढ़ें… सिद्धार्थनगर में पेट्रोल डालकर प्रेमी को जिंदा जलाया:शादीशुदा महिला ने बहन के साथ मिलकर हाथ-पैर पकड़े, भाई ने आग लगा दी सिद्धार्थनगर में एक युवक को उसकी शादीशुदा प्रेमिका के घरवालों ने पकड़कर जिंदा जला दिया। गोरखपुर के BRD मेडिकल कॉलेज में उसकी मौत हो गई। वह प्रेमिका और उसके परिवार के बुलाने पर बुधवार की रात खाना खाने पहुंचा था। तभी वारदात को अंजाम दिया गया। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना खेसरहा थाना क्षेत्र के बरनवार गांव की है। पढ़ें पूरी खबर…