सड़क का नाम गुरूनानक देव मार्ग पर पॉलिटिक्स:सपा प्रवक्ता बोले- भाजपा की राजनीति का उदाहरण; लोगों को इस्तेमाल कर छोड़ देती है

सुलतानपुर शहर में एक सड़क का नाम बदलने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल के इस कदम पर समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रवक्ता अनूप संडा ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजनीति का स्पष्ट उदाहरण बताया। दरअसल, रविवार को लालामकदूम राम मार्ग का नाम बदलकर ‘श्री गुरु नानक देव मार्ग’ (जीएनडी रोड) कर दिया गया था। इस फैसले के बाद भाजपा के अपने ही वैश्य समाज के वोट बैंक ने भी नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ आवाज उठाई है।
शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए सपा प्रवक्ता अनूप संडा ने कहा, “यह भाजपा की राजनीति का स्पष्ट उदाहरण है, जो लोगों का इस्तेमाल करके उन्हें छोड़ देती है। मेरा मानना है कि किसी को सम्मान देने के लिए किसी का अपमान करना आवश्यक नहीं होता।” अनूप संडा ने नगर पालिका को एक जिम्मेदार प्रशासनिक संस्था बताते हुए कहा, “2011 में जिस नगर पालिका परिषद ने एक विभूति के नाम पर मार्ग के पत्थर का नवीकरण कराया था, वही नगर पालिका 14 साल बाद उसी पत्थर के आगे दूसरा बोर्ड लगाती है। मेरी दृष्टि में यह एक अक्षम्य अपराध है।” उन्होंने आगे कहा कि स्वर्गीय गुरु नानक देव जी एक महान संत थे और देश के सामाजिक जीवन में उनके योगदान को नकारा नहीं जा सकता। अनूप संडा के अनुसार, किसी वैश्य समाज के व्यक्ति के नाम को हटाकर दूसरे मार्ग का नवीकरण करना गुरु नानक देव जी का अपमान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह गुरु नानक देव जी का ‘स्थापन’ नहीं है। सपा प्रवक्ता ने नगर पालिका परिषद के इस कदम की कड़ी निंदा की और मांग की कि नगर पालिका परिषद को इस संबंध में पूरी सफाई जारी करनी चाहिए और बताना चाहिए कि यह फैसला किन परिस्थितियों में लिया गया।