सीतापुर में अज्ञात वाहन ने बुजुर्ग को कुचला, मौत:एन एच 30 बायपास पर हादसा, पुलिस शिनाख्त में जुटी

सीतापुर के महोली कस्बे में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (दिल्ली-लखनऊ) पर शुक्रवार शाम एक अज्ञात वाहन ने एक बुजुर्ग को कुचल दिया। इस हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। इंस्पेक्टर जंग बहादुर पांडेय ने बताया कि यह घटना अढ़ौरी मोड़ पर हुई। करीब 75 वर्षीय मृतक को अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मारी और कुचलता हुआ फरार हो गया। मृतक ने गहरे भूरे और सफेद चौखाने वाली पूरी बाजू की शर्ट, नारंगी रंग की टी-शर्ट और हल्के नीले रंग की पैंट पहन रखी थी। हादसे के बाद सड़क पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक की शिनाख्त के लिए पुलिस सोशल मीडिया का भी सहारा ले रही है।