पत्नी की मौत के सदमे में पति ने जान दी:गोंडा में तेहरवीं से 3 दिन पहले फंदे पर लटका, बच्चों को लेकर परेशान था

गोंडा में पत्नी की तेरहवीं से 3 दिन पहले पति ने भी जान दे दी। पत्नी की मौत के बाद वह बच्चों की देखभाल को लेकर परेशान रहता था। शनिवार सुबह कमरे में फंदे से लटक गया। काफी देर तक वह बाहर नहीं आया तो परिजन उसे बुलाने गए। आवाज देने पर कोई जवाब नहीं आया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा तोड़ा तो शव फंदे पर लटकता हुआ दिखा। पुलिस ने शव को उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। परिजनों और आसपास के लोगों से मामले की जानकारी ली। घटना धानेपुर थाना क्षेत्र के बनगाई गांव की है। अब पढ़िए पूरा मामला… बनगाई गांव के रहने वाले शिवम सिंह (36) की शादी 18 मई 2014 को दुल्हापुर नई पुरिया की रहने वाली वंदना सिंह (32) से हुई थी। वंदना सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुजेहना में आशा बहू थी। शिवम सिंह दिल्ली की एक फैक्ट्री में नौकरी करते थे। दोनों का एक 6 साल का बेटा वेदांश और 8 साल की बेटी विदांशी है। 30 अक्टूबर की रात में वंदना ने घर के अंदर फंदा लगाकर जान दे दी थी। 31 अक्टूबर की सुबह जब वंदना घर से नहीं निकली तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर वंदना फंदे से लटकी हुई मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घटना की सूचना मिलते ही 2 घंटे के अंदर शिवम फ्लाइट से अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी पत्नी का अंतिम संस्कार किया। 11 नवंबर को थी तेरहवीं
पत्नी की मौत के बाद शिवम बच्चों की देखभाल को लेकर परेशान रहने लगा था। परिवार वालों से भी इस बात का जिक्र करता था। घर से बाहर निकलना भी कम कर दिया था। 11 नवंबर को वंदना का तेरहवीं संस्कार था। परिवार वाले तैयारी में लगे थे। शनिवार सुबह 10 बजे तक जब शिवम कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजन उसके पास गए। कमरे का दरवाजा खटखटाया और आवाज दी, लेकिन जवाब नहीं आया। दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन गेट अंदर से बंद होने के कारण नहीं खुला। परिजन डर गए। जब पुलिस पहुंची तब सुसाइड का पता चला। अब घर में बच्चों की देखभाल के लिए दादी कोकिला सिंह ही हैं। एएसपी पूर्वी मनोज कुमार रावत ने बताया- पत्नी की मौत के बाद सदमे में पति ने भी सुसाइड कर लिया। पूछताछ के दौरान परिजनों ने बताया- युवक अपने बच्चों की देखभाल को लेकर परेशान था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। ————————— ये खबर भी पढ़ें… सहारनपुर में सोते वक्त भाजपा नेता की हत्या:माथे के बीचो-बीच मारी गोली, छोटा बेटा पंचायत चुनाव की तैयारी कर रहा था सहारनपुर में भाजपा नेता की सोते वक्त गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर ने उनके माथे के बीचोंबीच गोली मारी। शव घर के पीछे चारपाई पर मिला। वारदात के वक्त घर में 10 लोग मौजूद थे, लेकिन किसी को घटना का पता नहीं चला। शनिवार सुबह बहू चाय देने पहुंची तो खून से लथपथ शव देखकर चीख पड़ी। आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए। पढ़ें पूरी खबर…