रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर भीरी बाजार में स्टेट बैंक के पास एक मैक्स वाहन खाई में गिर गया। हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा शाम करीब साढ़े 6 बजे हुआ। हादसे में मैक्स में सवार 6 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी अगस्त्यमुनि भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों की पहचान विकास और शिशुपाल के तौर पर हुई है। दोनों यूपी के बिजनौर के निवासी थे। ये सभी लोग मक्क्मठ में आयोजित मेले में गए थे। सभी फेरी का काम करते थे। सभी लोग रुद्रप्रयाग की ओर आ रहे थे। हादसे में सड़क किनारे खड़े 6 दुपहिया वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में विकास पुत्र राम और शिशपाल पुत्र फूल सिंह की मौत हो गई। घायलों में टिप्पू पुत्र जगराम सिंह, सुनिल पुत्र रामकुमार, जौनी कुमार पुत्र ऋषिपाल सिंह निवासी बिजनौर और सुनिल कुमार पुत्र लीलापथ सिंह निवासी जवलपुर शामिल हैं।सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान चलाया। सीओ प्रबोध कुमार घिल्डियाल ने बताया कि वाहन में सवार सभी लोग बिजनौर के रहने वाले हैं। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी डीएस बिष्ट ने जानकारी दी कि वाहन हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।