यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:भाजपा नेता के माथे पर गोली मारी, खुद को आग लगाकर दौड़ा छात्र, SDM बोले- तुम जैसे तलवे चाटते हैं

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर मुजफ्फरनगर से हैं, जहां एक छात्र ने कॉलेज कैंपस में खुद को आग लगा ली। वहीं, दूसरी खबर सहारनपुर में भाजपा नेता की हत्या को लेकर है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, यूपी दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- मुजफ्फरनगर में खुद को आग लगाकर दौड़ा छात्र, प्रिंसिपल पर मारपीट के आरोप
मुजफ्फरनगर में कॉलेज में छात्र ने खुद को आग लगा ली। वह जलते हुए क्लासरूम की तरफ भागा। पीछे-पीछे साथी छात्र दौड़ते हुए पहुंचे। स्कूल बैग और पानी डालकर आग बुझाई। वह 70% से ज्यादा झुलस गया है। छात्र बुढ़ाना के DAV पीजी कॉलेज में बीए सेकेंड ईयर में पढ़ता है। आरोप है कि फीस न देने पर प्रिंसिपल ने उसे परीक्षा देने से रोक दिया था। उन्होंने कहा- धर्मशाला नहीं खोली है। पढ़ें पूरी खबर 2- मोदी ने बच्चे के कंधे पर हाथ रखकर कविता सुनी, 4 वंदे भारत को हरी झंडी दिखाई पीएम मोदी ने काशी से 4 वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने भोजपुरी स्टाइल में बोलते हुए कहा- यह भारतीयों की, भारतीयों द्वारा और भारतीयों के लिए बनाई गई ट्रेन। वंदे भारत देखकर विदेशी अचंभित हो जाते हैं। पीएम ट्रेन में स्कूल के छात्रों से भी मिले। बच्चों से बातचीत की। एक छात्र ने पीएम को कविता सुनाई। इस दौरान मोदी भी चुटकी बजाकर उसका हौसला बढ़ाते रहे। पढ़ें पूरी खबर 3- शामली में शादी से पहले दूल्हे समेत 4 चचेरे भाइयों की मौत, 3 इकलौते थे शामली में शादी से पहले दूल्हे समेत 4 चचेरे भाइयों की कार एक्सीडेंट में मौत हो गई। कल रविवार को बारात जानी थी। मृतकों में 3 घर के इकलौते थे। सभी हरिद्वार जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के टुकड़े 100 मीटर तक बिखर गए। छत पूरी तरह गायब हो गई। कार की स्टेयरिंग ड्राइवर के सीने में स्टेयरिंग घुस गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को कटवा कर शवों को बाहर निकलवाया। पढ़ें पूरी खबर 4- योगी बिहार में बुलडोजर देख बोले- यूपी में माफिया पस्त हुआ, हड्‌डी-पसली एक हो जाती है सीएम योगी ने बिहार में शनिवार को भी रैली की। पूर्वी चम्पारण के मोतिहारी विधानसभा में लोग बुलडोजर से पहुंचे। उन्हें देखकर योगी ने कहा- यूपी में माफिया पस्त हो गया है। जब ये धड़धड़ाकर चलता है तो हड्‌डी और पसली एक हो जाती है। उन्होंने कहा- ‘बिहार में निवेश आ रहा है। यदि अपराधी जीतेगा तो निवेशक पलायन करेगा, नौजवान पलायन करेगा। उनको रोकने का काम करें। पढ़ें पूरी खबर 5- सहारनपुर में सोते वक्त भाजपा नेता की हत्या, माथे के बीचो-बीच मारी गोली​ सहारनपुर में भाजपा नेता की सोते वक्त गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर ने उनके माथे के बीचो-बीच गोली मारी। उनका शव घर के पीछे चारपाई पर पड़ा मिला। वारदात के वक्त घर में 10 लोग मौजूद थे, लेकिन किसी को घटना का पता नहीं चला। शनिवार सुबह बहू चाय देने पहुंची तो खून से लथपथ शव देखकर चीख पड़ी। 65 साल के धर्म सिंह भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष थे। पढ़ें पूरी खबर अब 8 अहम खबरें… 6- प्रयागराज में SDM ने महिला डॉक्टर को धमकाया- गालियां दीं, बोले- तुम जैसे तलवे चाटते हैं औरैया में तैनात SDM कमल सिंह ने प्रयागराज के हॉस्पिटल में महिला डॉक्टर को धमकाया। उन्हें गालियां दीं और चैंबर में तोड़फोड़ की। पीड़ित डॉ. विभा राय ने कहा, ‘ कमल ने खुद को प्रशासनिक अधिकारी बताया। धमकी दी कि मैं बहुत पावरफुल हूं, तुम्हारे जैसे डॉक्टर मेरे तलवे चाटते हैं। तुम्हारा हॉस्पिटल बंद करवा दूंगा। वहीं, SDM ने डॉक्टर के आरोपों को बेबुनियाद बताया। पढ़ें पूरी खबर 7- वृंदावन में दो श्रद्धालुओं की मौत, दिल्ली और गुजरात से दर्शन करने आए थे मथुरा के वृंदावन में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई। पहला मामला प्रेम मंदिर के सामने का है। यहां गुजरात से आए एक श्रद्धालु बेहोश हो गए। उनको अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जबकि, दूसरा मामला बांके बिहारी मंदिर का है, जहां दिल्ली से आए एक श्रद्धालु बेहोश हो गए। कुछ ही देर में उनकी जान चली गई। मौतों की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही। पढ़ें पूरी खबर 8- आजम बोले- तमंचा बेचने वालों के वंशज आज विधायक, हम सबसे गंदे व्यक्ति समाजवादी पार्टी नेता आजम खान ने विरोधियों पर तंज कसते हुए कहा- हमारे यहां इस वक्त सियासत में ऐसे लोग कामयाब हैं, जिनके पूर्वज तमंचे बेचा करते थे, रामपुर मेड पिस्टल। 1975 में ट्रेन में एक बक्से में तमंचों के साथ पकड़े गए थे और जेल गए थे। वही बाद में विधायक हुए, कई बार विधायक हुए। आगे भी उनकी विधायकी का सिलसिला जारी है, हम तो उनसे भी गए-गुजरे हैं। पढ़ें पूरी खबर 9- शादी के 10 साल बाद 2 बच्चों की मां CA बनीं, 5 बार फेल होकर भी हार नहीं मानी लखनऊ की काजल गुप्ता का सीए बनने का सपना पूरा हो गया है। 2 नन्हे बच्चों की मां काजल ने ICAI एग्जाम को 5वें अटेंम्ट में क्लियर कर लिया। उनकी शादी 10 साल पहले हुई थी। MBA करने के बाद जॉब कर चुकी काजल ने पहला बच्चा हो जाने के बाद तैयारी शुरू की थी। उन्होंने कहा- बिना पति के सपोर्ट के CA क्वालीफाई करना तो दूर तैयारी की भी नहीं सोच सकती थी। पढ़ें पूरी खबर 10- अखिलेश बोले- ‘ये बीजेपी वाले इतनी चोरी क्यों करते हैं’, 500 MG में भी नहीं उतरता बुखार बिहार चुनाव प्रचार में पहुंचे सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने भाजपा पर जमकर निशाना साधते हुए कहा- ‘ये बीजेपी वाले इतनी चोरी क्यों करते हैं’। उन्होंने कहा कि बीजेपी की सरकार नहीं आई थी तो हमारा आपका बुखार 500 MG में उतर जाता था, अब 650 MG की डोलो खानी पड़ती है, बताओ बेईमानी कर रहे हैं ये लोग कि नहीं। बोले- अब बिहार से बीजेपी का पलायन होने जा रहा है। 11- ईरानी बहू ने सास का घर छोड़ा, मुरादाबाद में पति का वीजा अप्लाई कराया मुरादाबाद में सास-ननदों और ननदोई के खिलाफ पुलिस में शिकायत करने के बाद ईरानी बहू फैजा ने सास का घर छोड़ दिया है। शुक्रवार को फैजा अपने पति पंकज दिवाकर के साथ लाइनपार इलाके में किराए के घर में रहने चली गईं। ईरान जाने के लिए पति-पत्नी ने कैफे भी बंद कर दिया है। उसने अपने पति पंकज दिवाकर का ईरान यात्रा के लिए वीजा भी अप्लाई करा दिया है। पढ़ें पूरी खबर 12- कौशांबी में बेटों ने पिता को पीटकर मार डाला, बहू के नाम संपत्ति कर रहे थे कौशांबी में संपत्ति विवाद को लेकर दो बेटों ने अपने पिता और बड़े भाई को लाठी-डंडे से पीटा। घायल पिता ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बड़े भाई की हालत नाजुक है। घटना के बाद आरोपी बेटे फरार हैं। पिता ने अपनी संपत्ति बड़े बेटे के नाम कर दी थी। वह अपने निसंतान बड़े भाई से मिली संपत्ति बड़ी बहू के नाम पर कर रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों बेटे पिता से नाराज थे। पढ़ें पूरी खबर 13- 80 साल की सास बोली- CO साहब! बहुओं से बचाओ, थाने में फूट-फूटकर रोई झांसी में दो बहुओं ने 80 साल की सास को बेरहमी से पीट दिया। रातभर थप्पड़ और डंडे मारे। फिर डाई घोलकर पिलाने की कोशिश की। किसी प्रकार जान बची तो बुजुर्ग महिला लंगड़ाते हुए शनिवार सुबह थाने पहुंची। सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम को अपना दर्द सुनाते हुए फूट-फूट कर रोने लगी। बुजुर्ग ने कहा- पति की मौत के बाद 3 बीघा जमीन मेरे पास है। बहुएं जमीन हड़पना चाहती। पढ़ें पूरी खबर खबर जो हटकर है… 14- मेडिकल कॉलेज में गलती की तो 51 हजार बार लिखना होगा ‘राम’ नाम अयोध्या के राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में अनुशासन बनाए रखने के लिए एक अनोखी पहल की गई। यहां अब गलती करने वाले छात्र या कर्मचारी को डांट या निलंबन जैसी सजा नहीं मिलेगी, बल्कि उन्हें ‘राम’ नाम लिखने की सजा दी जाएगी। प्राचार्य डॉ. सत्यजीत वर्मा ने बताया- गलती होने पर 11 हजार से लेकर 51 हजार बार राम का नाम लिखने की सजा दी जा रही। पढ़ें पूरी खबर कल क्या रहेगा खास… 15- फॉरेस्ट गार्ड परीक्षा कल 9 नवंबर को वन विभाग में Forest Guard और Wildlife Guard के 709 पदों पर भर्ती की मुख्य परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रदेश के लखनऊ और झांसी में बनाए गए सेंटर्स पर करीब 29,217 अभ्यर्थी शामिल होंगे। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…