लखनऊ के अवध शिल्पग्राम में शनिवार को ‘रिवायत फैशन वीक 2025’ का भव्य शुभारंभ हुआ। फैशन शो में 40 मॉडल ने रैम्प पर कैटवॉक किया। थीम तालीम, ज्ञान और शिल्प का उत्सव थी। तीन दिवसीय इस आयोजन के पहले दिन फैशन, संगीत और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला। पहले दिन कुल 40 मॉडल्स (32 फीमेल और 8 मेल) ने रैम्प पर स्थानीय डिजाइनर्स के परिधानों का प्रदर्शन किया। उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने किया। उन्होंने कहा- रिवायत भारतीय कला, शिल्प और डिज़ाइन को वैश्विक पहचान दिलाने का माध्यम है। ऐसे आयोजन से वोकल फॉर लोकल’ के विजन को बढ़ावा मिलेगा। 2 तस्वीरें देखिए… रैम्प पर भारतीय वेशभूषा का जलवा पहले दिन रैम्प पर प्रसिद्ध डिजाइनर्स ने अपने नवीन कलेक्शन प्रस्तुत किए। फैशन डिज़ाइनर रॉकी स्टार ने हल्के रंगों, बहते सिल्हूट्स और नाजुक ड्रेपिंग से सजे परिधानों के माध्यम से परंपरा और आधुनिकता का अद्भुत मेल दिखाया। वहीं राजदीप रानावत की कलेक्शन “मोरोक्कन कब्सा” ने उज़्बेकिस्तान की इकट कला और मोरक्को की शाही सुंदरता को भारतीय स्पर्श के साथ पेश किया। डिज़ाइनर वैशाली कुमार ने “खादी” की सादगी को आधुनिक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करते हुए बिजनौर के बुनकरों द्वारा तैयार कलेक्शन से “वोकल फॉर लोकल” की भावना को जीवंत किया। फैशन और कला का दिखा संगम फैशन के साथ-साथ मंच पर संगीत और नृत्य ने भी माहौल को भव्य बनाया। लखनऊ के गायक मनोज कुमार ने राग ‘शुद्ध सारन’ की मधुर प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कियाञ जबकि डॉ. विकास अवस्थी और उनके समूह ने लखनऊ घराने की कथक नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में प्रमुख अतिथियों में रश्मि बेदी (सीईओ एवं संस्थापक, माईड्रीम ग्लोबल), जनक बेदी, सुश्री अपूर्वा चौहान (ब्रांड एंबेसडर एवं मिस इंटरनेशनल दिवा इंडिया 2025) समेत बड़ी संख्या में फैशन इंडस्ट्री से जुड़े हुए लोग शामिल हुए।