मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, एक किशोर समेत 16 घायल:4 की हालत गंभीर, बीएचयू रेफर; मिर्जापुर से लौट रहे थे घर

मिर्जापुर में शनिवार शाम महिला मजदूरों से भरी पिकअप पलट गई। जिससे एक किशोर समेत 16 लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को मंडलीय अस्पताल मिर्जापुर में भर्ती कराया गया। घटना देहात कोतवाली क्षेत्र के बलहरा मोड़ के पास का है। सीओ सदर अमर बहादुर ने बताया कि चार मजदूरों की हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी के बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जबकि 12 अन्य का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। सूत्रों के अनुसार, सभी घायल सोनभद्र जनपद के अहरौरा थाना क्षेत्र के दो गांवों के निवासी हैं। ये मजदूर टमाटर के खेतों में काम करने के लिए मिर्जापुर आए थे। शनिवार शाम काम समाप्त होने के बाद सभी पिकअप वाहन में सवार होकर मड़िहान की ओर लौट रहे थे, तभी बलहरा मोड़ के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सदर अमर बहादुर और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत अस्पताल भेजवाया और राहत कार्य शुरू किया। घायलों में चार महिला मजदूरों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। बाकी घायलों का इलाज विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में जिला अस्पताल में जारी है। पुलिस के अनुसार, सभी घायल घोरावल क्षेत्र, सोनभद्र के रहने वाले हैं। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है, वहीं मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, तेज रफ्तार के कारण मोड़ पर चालक का नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे वाहन पलट गया।