बलिया की दोकटी पुलिस ने करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी और जालसाजी के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी फर्जी नियुक्ति पत्र जारी कर 20 से अधिक लोगों से करोड़ों रुपए की उगाही के मामले में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने संगठित तरीके से कूटरचित अनुमोदन पत्र और नियुक्ति पत्र तैयार कर वितरित किए थे। उसने स्थायी नौकरी देने का झांसा देकर आवेदकों और अन्य 20 लोगों से करोड़ों रुपए ठगे और फिर फरार हो गया था। इस मामले में 6 नवंबर को दोकटी थाने में एक शिकायत दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि विद्यालय के अध्यक्ष आनंद प्रकाश तिवारी ने पैसे वापस करने के नाम पर चेक दिए थे, जो बैंक में बाउंस हो गए। पैसे मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी थी। इसके बाद मामला दर्ज किया गया था। शनिवार को दोकटी थाना के उपनिरीक्षक आशुतोष कुमार मद्धेशिया की टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। टीम ने वांछित अभियुक्त रुपेश कुमार तिवारी को ह्रदयपुर ढाला से गिरफ्तार किया। रुपेश बहुआरा, थाना दोकटी, जनपद बलिया का निवासी है।