रायबरेली में शनिवार देर शाम शिवगढ़ थाना क्षेत्र में एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमें सवार 6 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा भवानीगढ़–बहुदा कला संपर्क मार्ग पर बेदारु गांव के पास हुआ। सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा सभी घायलों को सीएचसी शिवगढ़ पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने 6 घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर किया। जिसमें बेदारु निवासी रामशंकर (45) की हालत नाजुक होने पर उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। पिकअप में करीब दो दर्जन श्रमिक सवार थे। जो लखनऊ से मजदूरी कर अपने गांव लौट रहे थे। बेदारु गौशाला से आगे मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। घायलों में बेदारु निवासी रामशंकर (45), राजू (48), अनिल कुमार (45), रमेश (35), अंबेडकर नगर देहली निवासी धर्मराज, देहली निवासी रामनंद, चितवनियां निवासी मंशाराम (40) और सूरज (25) शामिल हैं।चितवनियां निवासी मंशाराम और सूरज का इलाज भवानीगढ़ स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है। शिवगढ़ सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रेमशरण ने बताया कि छह घायलों को रेफर किया गया है। वहीं थाना प्रभारी निरीक्षक विन्ध्य विनय ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।