शामली में शनिवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब 18 वर्षीय छात्र आशु को उसके घर के ठीक बाहर गोली मार दी गई। गोली छाती के दाहिनी ओर लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मामला के थाना आदर्श मंडी क्षेत्र के कस्बा बनत का है। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और हमलावर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल आशु को तत्काल जिला अस्पताल शामली ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, बुलेट छाती के दाहिनी हिस्से में लगी है और फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, आशु बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है। घटना के समय वह खेत से ट्रैक्टर लेकर घर लौट रहा था। घायल के पिता उपेंद्र ने बताया कि गोली चलाने वाला आरोपी भी कस्बा बनत का ही निवासी है। मोहल्ले के लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा बरामद कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।