गोरखपुर के लिए निकले युवक का शव कुएं में मिला:देवरिया में 11 दिन से लापता था, बदबू आने पर ग्रामीणों को पता चला

देवरिया के मईल थाना क्षेत्र में एक युवक का शव कुएं में मिला है। युवक मंगरु उर्फ फकरुद्दीन (35 वर्ष) 11 दिन से लापता था। शनिवार शाम भागलपुर गांव के पास एक पुराने कुएं से उसका शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मंगरु उर्फ फकरुद्दीन 30 अक्टूबर 2025 को अपने घर से गोरखपुर के चौरीचौरा जाने की बात कहकर निकला था। जब वह देर रात तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कई दिनों तक कोई सुराग न मिलने पर परिवार ने मईल थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शनिवार शाम को गांव के पास वेल्थरा-पिंडी तिराहे पर स्थित एक पुराने कुएं से तेज दुर्गंध आने लगी। स्थानीय लोगों ने कुएं में झांककर देखा तो उन्हें एक सड़ा-गला शव दिखाई दिया। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान लापता मंगरु उर्फ फकरुद्दीन के रूप में हुई। शव की पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की मां और अन्य परिजन शव देखकर बिलख पड़े। पुलिस ने बताया कि शव काफी पुराना लग रहा है, जिससे आशंका है कि मौत कई दिन पहले हुई होगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके। स्थानीय लोगों ने युवक की मौत को रहस्यमय बताया है। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है, जिसमें दुर्घटना, आत्महत्या या हत्या जैसी संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है। मृतक के पिता स्वर्गीय मुमताज अहमद थे। परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है ताकि मंगरु की मौत की सच्चाई सामने आ सके।