बरेली पुलिस ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी करने वाले दो गिरोहों का पर्दाफाश किया है। थाना बारादरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 5 तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 1 किलो 11 ग्राम मॉर्फिन और 1 किलो 657 ग्राम अफीम बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1 करोड़ 40 लाख रुपए है। एसएसपी बरेली के निर्देश पर चलाए जा रहे नशा उन्मूलन अभियान के तहत बारादरी पुलिस की दो अलग-अलग टीमों ने एक ही रात में इन दोनों गिरोहों का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से दो मोटरसाइकिलें, चार मोबाइल फोन और कुछ नकदी भी बरामद की। इस कार्रवाई में रोहिलखंड चौकी इंचार्ज मनीष भारद्वाज और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, तस्कर ‘बॉर्नविटा’ में मिलाकर नशे की तस्करी करते थे, ताकि पुलिस को उन पर शक न हो। पुलिस ने बारादरी क्षेत्र में रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज के पीछे वाले गेट से दो तस्करों को और सतीपुर चौराहे से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। इस गिरोह का एक सदस्य नवनीत, जो बदायूं का निवासी है, अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। जानकारी के अनुसार, नवनीत पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल जा चुका है और वह दोनों गिरोहों के बीच की मुख्य कड़ी था। एसपी सिटी मानुष पारीक ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज कर गिरफ्तार सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।