लखनऊ में ठंड आते ही नगर निगम प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। शनिवार को नगर आयुक्त गौरव कुमार ने अपर नगर आयुक्त, जोनल अधिकारियों, जोनल सेनेटरी अधिकारियों और अभियंताओं के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक की। इसमें शहर के स्थायी एवं अस्थाई शेल्टर होम को पूरी तरह से सक्रिय और सक्षम बनाने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि शहर में स्थापित सभी स्थायी और अस्थाई शेल्टर होम की तुरंत समीक्षा की जाए। प्रत्येक शेल्टर होम की स्थिति, उपलब्ध संसाधन और आवश्यक सामग्री की सूची तैयार कर उसे जल्द से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा- शेल्टर होम का संचालन जोनल अधिकारी और अधिशासी अभियंताओं की संयुक्त जिम्मेदारी होगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपर नगर आयुक्त रिपोर्ट पेश करें इसके साथ ही उन्होंने सभी शेल्टर होम में हीटर, ब्लोअर, रजाई-कंबल और अन्य व्यवस्था शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने कहा- सोमवार तक समस्त अपर नगर आयुक्त द्वारा विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। शनिवार को विभिन्न जोन में अपर नगर आयुक्त एवं जोनल अधिकारियों ने रैन बसेरों का निरीक्षण भी किया। अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव ने जोन 5 गीतापल्ली स्थित रैन बसेरे का निरीक्षण किया। गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने शहर में साफ-सफाई व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी जोनल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में बड़े स्तर पर सफाई अभियान चलाएं। जहां लोग गंदगी फैला रहे हैं, वहां कड़ी कार्रवाई की जाए और नोटिस एवं जुर्माना लगाया जाए। नगर आयुक्त ने यह भी कहा कि शहर में स्थित सभी पड़ाव घर या तो व्यवस्थित किए जाएं या फिर वहां कूड़े फैलने पर पूर्ण रोक लगाई जाए। इसके साथ ही उन्होंने नाइट स्वीपिंग कार्य की जोनल अधिकारियों को स्वयं मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। जोन 8 कार्यालय का किया निरीक्षण वर्चुअल बैठक के बाद नगर आयुक्त गौरव कुमार ने जोन-8 कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय में मूलभूत सुविधाओं में सुधार, टॉयलेट को बेहतर बनाने, कार्यालय में साफ-सफाई बनाए रखने और टूटी-फूटी सामग्री हटाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी आलमारियों पर जॉब कार्ड लगाने, पुराने रिकॉर्ड को व्यवस्थित रूप से सुरक्षित रखने और कार्यालय पटल पर कर्मचारियों के नाम स्पष्ट रूप से लिखे होने के निर्देश दिए।