ताजमहल में फिर पहुंचा ट्राइपॉड:2 पर्यटकों ने इस्तेमाल किया फोटो खींचने के लिए, सुरक्षा में सेंध

आगरा में ताजमहल की सुरक्षा में लगातार सेंध लग रही है। शनिवार को स्मारक के प्रतिबंधित दायरे में दो पर्यटक ट्राइपॉड के साथ देखे गए। पर्यटक ट्राइपॉड पर मोबाइल लगाकर फोटो खींच रहे थे। पर्यटकों को न तो भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के कर्मियों ने रोका और न ही केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) के जवानों ने ध्यान दिया। ताजमहल में ट्राइपॉड ही नहीं, खाने का सामान भी ले जाना प्रतिबंधित है। पर्यटक अपने साथ पानी की बोतल ले जा सकते हैं। फिल्म की शूटिंग के दौरान भी उसी सामान को स्मारक में ले जाने दिया जाता है, जिसकी अनुमति होती है। शनिवार को दो पर्यटकों को ट्राइपॉड पर मोबाइल लगाकर फोटो खींचते देखा गया। एक लड़कियों का ग्रुप था, जो ताजमहल के ठीक सामने फोटो खींच रहा है। तो दूसरा एक कपल है, जो ट्राइपॉड पर मोबाइल लगाकर अपनी फोटो खींच रहा है। जानकार बताते हैं कि इसकी अनुमति नहीं ली गई थी। जबकि ताजमहल के अंदर एंट्री के समय तमाम तरह से जांच होती है। बैग के अंदर के सामान को भी जांचा जाता है। इसके बावजूद ताजमहल के अंदर तक ट्राइपॉड कैसे पहुंचा, यह सवाल खड़े हो रहे हैं। ताजमहल के अंदर और आस-पास ट्राइपॉड ले जाने की अनुमति नहीं है। यह एक प्रतिबंधित वस्तु है। इसके साथ ड्रोन, खाने-पीने की चीज़ें और शराब भी नहीं ले जाने की इजाज़त है।