शाहजहांपुर जनपद के पुवायां थाना क्षेत्र में बाईपास पर एक चलती कार में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। कार चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक गाड़ी पूरी तरह जल चुकी थी। यह घटना मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे खुटार-शाहजहांपुर हाईवे के बाईपास पर बड़ागांव के पास हुई। नगर के मोहल्ला कसभरा अस्तल निवासी रामकृपाल अपनी कार से शाहजहांपुर से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग लगते ही रामकृपाल ने तुरंत कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इस दौरान हाईवे बाईपास पर कुछ देर के लिए आवागमन बाधित रहा। फायर ब्रिगेड प्रभारी आकाश सिंह ने बताया कि उन्हें हाईवे पर एक गाड़ी में आग लगने की सूचना मिली थी। जब फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, तो देखा कि गाड़ी पूरी तरह से जल चुकी थी। आग पर काबू पाए जाने तक कार पूरी तरह खाक हो चुकी थी।