लखनऊ में सिविल सर्विसेज (UPSC) की तैयारी कर रही युवती ने शुक्रवार देर रात फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला है। जिसमें असफलता से निराश होकर आत्महत्या करने की बात लिखी है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। चिनहट मटियारी पीतांबरा बाजार कॉलोनी निवासी संजय शुक्ला कोर्ट में कार्यरत हैं। उनकी बेटी श्रेया शुक्ला (24) बीते कुछ सालों से सिविल सर्विस परीक्षा की तैयारी कर रही थी। शुक्रवार रात उसने परिवार के साथ खाना खाया और फिर अपने कमरे में सोने चली गई। अपने कमरे में फंदे से लटकती मिली शनिवार सुबह देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिवार ने झरोखे से झांककर देखा। श्रेया दुपट्टे के सहारे पंखे से लटक रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। पंचनामा भरकर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। कमरे से सुसाइड नोट मिला इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है। उसमें श्रेया ने लिखा- मैंने काफी मेहनत की, लेकिन सफल नहीं हो सकी। मम्मी-पापा मुझे माफ कर देना।