डाक विभाग ने बीमा दावे के लिए जारी की चेकलिस्ट:PMSBY,PMJJBY और APY दावों के लिए मंडल स्तर पर जांच अनिवार्य

डाक विभाग ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई), प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई) और अटल पेंशन योजना (एपीवाई) से जुड़े दावों के लिए नई व्यवस्था लागू की है। अब इन सभी योजनाओं के अधिकार मंडल स्तर पर जांच और सत्यापन के बाद ही आगे भेजे जाएंगे। विभाग ने सभी डाकघरों को चेकलिस्ट जारी की है। ताकि प्रक्रिया में होने वाली चूकों और देरी से बचा जा सके। विभाग के अनुसार, बीमा दावा केवल तभी केन्द्रीयकृत प्रसंस्करण एवं समाधान केंद्र (सीपीआरसी) को भेजे जाएंगे जब वे पूरी तरह से जांचे और सत्यापित हों। आवश्यक दस्तावेजों में दावा फॉर्म, मृत्यु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, दुर्घटना की स्थिति में एफआईआर, अस्पताल रिपोर्ट और नामांकित व्यक्ति के बैंक संबंधी दस्तावेज शामिल हैं। सभी दस्तावेजों पर संबंधित पोस्टमास्टर की मुहर और हस्ताक्षर अनिवार्य होंगे। डाक विभाग के अनुसार मृतक और नामांकित व्यक्ति के नाम सभी दस्तावेजों में समान होने चाहिए। यदि नाम में कोई भिन्नता पाई जाती है तो सुलह प्रमाणपत्र या क्षतिपूर्ति बांड प्रस्तुत करना होगा। विभाग ने लाभार्थियों से अपील की है कि वे सभी जरूरी कागजात समय पर तैयार रखें। जिससे दावा निपटान की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके और योजनाओं का लाभ शीघ्र प्राप्त हो।