प्रयागराज में चोरों ने खजाने के लिए मंदिर खोद डाला:रात भर काटते रहे शिवलिंग के नीचे का पत्थर, ग्रामीणों में आक्रोश, मुकदमा

प्रयागराज के प्राचीन पथरबंदी महादेव मंदिर में शनिवार रात अराजक तत्वों ने तोड़फोड़ की। मंदिर की पिछली दीवार काटकर परिसर में खुदाई की गई। रविवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मंदिर परिसर में खुदाई से गड़े खजाने की चर्चा शुरू हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर बहुत पुराना है और संभव है कि यहां कोई खजाना छिपा हो। सूचना पर ग्राम प्रधान मौके पर पहुंचे। बारा पुलिस ने निरीक्षण किया और अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। नायब तहसीलदार विजय कुमार ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला खजाने की तलाश से जुड़ा लगता है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पर्यटन विभाग की टीम ने भी मंदिर का निरीक्षण कर डेढ़ करोड़ रुपए के सुंदरी करण प्रोजेक्ट का प्रस्ताव दिया है। पूरा मामला बारा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत छीड़ी का है। दीवार काटकर मंदिर में घुसे पथरबंदी महादेव मंदिर क्षेत्र का अत्यंत प्राचीन धार्मिक स्थल है। यहां भगवान शिव परिवार, हनुमानजी और अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियां स्थापित हैं। हर वर्ष पौष माह की त्रयोदशी, सावन और अधिमास में यहां भव्य मेले का आयोजन किया जाता है। शनिवार रात अराजक तत्वों ने तोड़फोड़ की। उन्होंने मंदिर की पिछली दीवार काटकर भीतर खुदाई की, जिससे पूरा परिसर अस्त-व्यस्त हो गया। रविवार सुबह जब ग्रामीण पूजा के लिए मंदिर पहुंचे, तो टूटी दीवार और खुदाई के निशान देखकर दंग रह गए। घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान सतीश कुमार गुप्ता सहित सैकड़ों ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और आक्रोश जताया। तुरंत सूचना पर बारा पुलिस पहुंची और पूरे परिसर का निरीक्षण किया। ग्राम प्रधान की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। खजाने की तलाश से जोड़कर देख रहे ग्रामीण घटना के बाद क्षेत्र में यह चर्चा फैल गई कि मंदिर में किसी गड़े खजाने की खोज में यह खुदाई की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मंदिर अत्यंत प्राचीन है और लंबे समय से यहां छिपे खजाने की बातें प्रचलित हैं। संभवतः इसी कारण कुछ लोगों ने रात में दीवार काटकर खुदाई करने की कोशिश की। सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार बारा विजय कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला किसी खजाने की तलाश से जुड़ा प्रतीत होता है। हालांकि इसमें धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ की बात नहीं दिखी है। उन्होंने कहा कि पुलिस विवेचना कर रही है और शीघ्र ही मामले का खुलासा किया जाएगा। मंदिर से कुछ ही दूरी पर एक क्रशर प्लांट संचालित होता है, जो रातभर चलता रहता है। वहां सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पुलिस अब उन फुटेज की जांच कर रही है ताकि घटना में शामिल लोगों की पहचान हो सके। पर्यटन विभाग की टीम भी पहुंची घटना के अगले दिन रविवार को पर्यटन विभाग की टीम भी मंदिर परिसर पहुंची। टीम ने मंदिर के सुंदरीकरण और जीर्णोद्धार के लिए करीब डेढ़ करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट का प्रस्ताव रखा है। इसमें बाउंड्रीवॉल, यात्री विश्रामालय, सत्संग भवन, यज्ञशाला और मंदिर में टाइल्स-मॉर्बल का कार्य शामिल है। गौरतलब है कि इसी वर्ष पुरातत्व विभाग ने इस मंदिर का अधिग्रहण किया था और इसके संरक्षण का काम शुरू किया गया है। ऐसे में मंदिर परिसर में खुदाई की यह घटना प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है। ग्रामीणों की मांग, दोषियों की जल्द गिरफ्तारी ग्रामीणों ने इस घटना को धार्मिक स्थल का अपमान बताया है और पुलिस से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।एसीपी बारा कुंजलता ने बताया कि मंदिर की दीवार काटे जाने की शिकायत मिली है। पुलिस जांच कर रही है और जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा। —————————– ये खबर भी पढ़ें… झांसी यूनिवर्सिटी के सामने MBA छात्रा को गोली मारी:फिर खुद की कनपटी पर फायर कर जान दी; लड़की को गोद में उठाकर ले गए झांसी में बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी के सामने रविवार दोपहर करीब सवा दो बजे एक सिरफिरे ने MBA की छात्रा को गोली मार दी। फिर युवक ने अपनी कनपटी पर तमंचा सटाकर फायर किया। गोली कनपटी को चीरते हुए आर-पार हो गई। इससे युवक की मौके पर मौत हो गई। जबकि लड़की की हालत नाजुक है। पढ़िए पूरी खबर