नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर गांजा तस्कर के घर 2 करोड़ रुपए कैश बरामदगी से जुड़ी है। वहीं, दूसरी खबर यूपी के दो आतंकियों की गुजरात में अरेस्ट को लेकर है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, यूपी दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- तस्कर के घर 2 करोड़ मिले, गिनते-गिनते पुलिसवाले थके प्रतापगढ़ में गांजा तस्कर राजेश मिश्रा के घर पुलिस ने छापा मारा। दो करोड़ से ज्यादा कैश मिला। 22 पुलिसकर्मी नोट गिनने को लगाए गए। वे कैश गिनते- गिनते थक गए तो 4 मशीनें मंगाईं। पुलिस को 6 किलो गांजा और 577 ग्राम स्मैक भी मिली। पत्नी, बेटा-बेटी और भतीजा समेत 5 को अरेस्ट किया गया है। जेल में बैठकर वह अपनी पत्नी के जरिए नशे का कारोबार चला रहा था। पढ़ें पूरी खबर 2- यूपी के 2 आतंकी गुजरात से गिरफ्तार, डॉक्टर को हथियार सप्लाई किए यूपी के रहने वाले 2 आतंकी समेत 3 को गुजरात ATS ने अरेस्ट किया है। एक शामली और दूसरा लखीमपुर में रहता था। पेश से एक छात्र और दूसरा दर्जी था। ये गुजरात के रहने वाले डॉक्टर को हथियार सप्लाई करते थे। दोनों को बनासकांठा से गिरफ्तार किया गया। इनकी साजिश देश के कई हिस्सों में हमले करने की थी। तीनों दो अलग-अलग मॉड्यूल का हिस्सा थे। पढ़ें पूरी खबर 3- झांसी में MBA छात्रा को गोली मारी, फिर अपनी कनपटी पर तमंचा से फायर झांसी में बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी के सामने रविवार दोपहर करीब सवा दो बजे एक सिरफिरे ने MBA की छात्रा को गोली मार दी। फिर युवक ने अपनी कनपटी पर तमंचा सटाकर फायर किया। गोली कनपटी को चीरते हुए आर-पार हो गई। इससे युवक की मौके पर मौत हो गई। जबकि लड़की की हालत नाजुक है। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर 4- कानपुर में दुल्हन जैसे सजे ट्रांसजेंडरों ने किया कैटवॉक, मंत्री जमकर नाचे प्रदेश के लेस्बियन, गे, बाइसेक्सुअल एंड ट्रांसजेंडर क्वीर (LGBTQ) रविवार को अपने हक के लिए कानपुर में परेड पर निकले। दुल्हन की तरह सज-धजकर ट्रांसजेंडर ढोल-नगाड़ों पर डांस कर रहे। एक-दूसरे को गले लगाकर प्यार कर इजहार कर रहे। कई ट्रांसजेंडर कैटवॉक करते भी दिखे। बिहार के दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री डॉ. राजन सिंह ने भी सड़क पर जमकर डांस किया, फोटो क्लिक कराई। पढ़ें पूरी खबर 5- लखनऊ में नेशनल एथलीट को ट्रक ने रौंदा, लखनऊ के LPS में टीचर थी लखनऊ में रविवार सुबह एक्सीडेंट में नेशनल एथलीट जूली यादव की मौत हो गई। हॉकी टीम की प्लेयर रहीं जूली, वर्तमान में LPS में स्पोर्ट्स टीचर थीं। रविवार को वह इंटर-स्कूल बैडमिंटन चैंपियनशिप में गई थीं। स्कूल पहुंचने पर पता चला कि मोबाइल घर पर ही रह गया। उन्होंने अपनी बाइक उठाई और घर लौट पड़ीं। घर से कुछ दूर पहले ही उन्हें सिलेंडर लदे ट्रक ने रौंद दिया। पढ़ें पूरी खबर अब 8 अहम खबरें… 6- धीरेंद्र शास्त्री बोले- दान करो, पाकिस्तान उड़ाने के काम आएगा धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन एकता पदयात्रा दिल्ली से शुरू होकर हरियाणा से होते हुए धीरे-धीरे वृंदावन की ओर बढ़ रही है। रविवार को कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के साथ वह भजन में झूमते नजर आए। दोनों ने सड़क पर बैठकर पूड़ी और आलू की सब्जी खाई। बागेश्वर बाबा ने कहा- हिंदुओं भारतीय सेना को पैसा दान करो, ताकि गोला बारूद आ सके। पाकिस्तान को उड़ाया जा सके। पढ़ें पूरी खबर 7- गाजीपुर में जज से पूछा- क्या कोर्ट पैसे पर बिकता?, हंसकर बोले- सिर्फ सबूत चलते गाजीपुर में 11वीं की छात्रा ने जज से पूछा- क्या कोर्ट भी पैसे पर बिकता है? सवाल सुनकर पूरा विधि पैनल भौचक्का रह गया। जज विजय कुमार ने हंसते हुए जवाब दिया- कोर्ट में पैसा नहीं चलता, यहां सिर्फ सबूत चलते हैं, न्याय मिलता है। दरअसल, संविधान दिवस पर शनिवार को गोरा बाजार के राधिका इंटर कॉलेज में कार्यक्रम आयोजित था। 11वीं की छात्रा कहकशा ने ये सवाल पूछा। पढ़ें पूरी खबर 8- अमरोहा में सुहागरात से पहले दूल्हे की मौत, जमीन पर गिरा फिर नहीं उठा अमरोहा में 42 साल के दूल्हे की हार्ट अटैक से मौत हो गई। शनिवार रात दूल्हे का निकाह हुआ। फिर सभी लोग दुल्हन को लेकर घर आ गए। घर में निकाह के बाद की रस्में होने लगीं। रविवार सुबह करीब 4 बजे दूल्हे के सीने में तेज दर्द उठा। घरवाले दूल्हे को तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूल्हे का रविवार को दावत-ए-वलीमा होना था। दुल्हन बदहवास है। पढ़ें पूरी खबर 9- बिहार में योगी बोले- परिवारवादियों ने लड़ाया, काले अतीत वाले विश्वास के लायक नहीं बिहार में आखिरी चरण के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सीएम योगी ने ताबड़तोड़ चार रैलियां कर आरजेडी-कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। योगी ने कहा- परिवारवादी व्यवस्था ने बिहार में जाति-जाति को लड़ाकर अराजकता व गुंडागर्दी का तांडव किया। कलंकित व काले अतीत के लोग विश्वास लायक नहीं। कांग्रेस-RJD की दलाली बंद करने के लिए जनधन खाते खोले गए। पढ़ें पूरी खबर 10- वाराणसी में क्रूज को हेलिकॉप्टर से घेरा, गंगा में क्रूज पर उतरे NSG कमांडो वाराणसी में गंगा की लहरों पर क्रूज को हेलिकॉप्टर से घेरकर NSG ने मॉकड्रिल की। करीब एक घंटे के रिहर्सल में NSG को सूचना मिली कि ‘गंगोत्री क्रूज’ में आतंकी छिपे हैं। इसके बाद घाट पर तैनात कमांडो ने सुरक्षा घेरा बनाया, तभी हेलिकॉप्टर गंगा क्रूज के ठीक ऊपर पहुंचा। कमांडो क्रूज में दाखिल हुए, आतंकियों की खोजबीन करने लगे। फिर आतंकियों को मार गिराने का अभ्यास किया। पढ़ें पूरी खबर 11- संभल में सपा MLA बोले- मुसलमान PM बनने की कल्पना भी नहीं कर सकता संभल से सपा विधायक इकबाल महमूद ने कहा– भारत में 30 से 32 करोड़ मुसलमान हैं, लेकिन वे भारत के प्रधानमंत्री बनने की कल्पना भी नहीं कर सकते। आज मुसलमानों की हालत यह न होती, अगर पाकिस्तान ना बना होता तो। हम भी प्रधानमंत्री के दावेदार हो जाते, क्योंकि हमारी संख्या भी बराबर की हो जाती। 2017 के बाद से उनकी काबिलियत का सही उपयोग नहीं हुआ। पढ़ें पूरी खबर 12- प्रयागराज में बच्ची को पिकअप ने कुचला, अंतिम संस्कार में गया था परिवार प्रयागराज में घर के बाहर खेल रही 2 साल की बच्ची को पिकअप गाड़ी ने बैक करते समय कुचल दिया। इसके बाद गाड़ी लेकर ड्राइवर फरार हो गया। पूरा परिवार बच्ची की दादी के अंतिम संस्कार में गांव गया था। घर पर सिर्फ बच्ची की मां ही थीं। बच्ची की मां दौड़ते-चिल्लाते हुए बच्ची के पास पहुंची, लेकिन उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पढ़ें पूरी खबर 13- पल्लवी पटेल बोलीं- SIR धोखा, डुप्लीकेट वोट से बनी मोदी सरकार अपना दल (कमेरावादी) की नेता व विधायक डॉ. पल्लवी पटेल ने SIR अभियान को धोखा करार दिया है। उन्होंने कहा- यूपी में सबसे अधिक शोषण दलित और मुसलमानों का हुआ। सपा सिर्फ वोट लेती है, कभी उनके लिए आवाज नहीं उठाती। SIR अभियान धोखा है। मोदी ने डुप्लीकेट वोट से सरकार बनाई है। जीरो टॉलरेंस की बात करने वाली योगी सरकार में अपराधियों का मनोबल बढ़ा है। पढ़ें पूरी खबर खबर जो हटकर है… 14- युवक ने ट्रेन में खेला जुआ, फिर कोच में शैंपू लगाकर नहाया, बाल्टी- मग घर से लाया था झांसी में एक ट्रेन के स्लीपर कोच को युवक ने बाथरूम बना दिया। चड्डी पहना युवक कोच में आराम से बैठकर बाल्टी-मग से नहाया। अपने बालों में शैंपू भी किया। युवक की इस हरकत से पैसेंजर्स ट्रेन में चढ़ नहीं पा रहे थे। इसके पहले युवक ने पैसेंजर्स के साथ जुआ खेला। इसका भी वीडियो बनाया और लिखा- “यूपी के लौंडे हैं, कहीं भी शुरू हो जाते हैं।” रेलवे पुलिस, युवक की तलाश कर रही। पढ़ें पूरी खबर कल क्या रहेगा खास… 15- योगी के नेतृत्व में एकता यात्रा कल सीएम योगी के नेतृत्व में गोरखपुर में 10 नवम्बर को एकता पदयात्रा निकाली जाएगी। बीजेपी ने सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर एकता यात्रा शुरू की है। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…