लखनऊ के किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) के डॉक्टरों ने दुर्लभ सर्जरी कर 14 साल के किशोर का चेहरा सुंदर बना दिया है। कुशीनगर जिले में जन्में बालक के नाक की जड़ से एक बड़ा उभार (टिशू) बाहर निकला हुआ था। डॉक्टरों ने जांच कराने की सलाह दी मगर गांव वालों ने इसे चमत्कार समझ पूजा शुरू कर दी। इसके बाद 12 साल तक परिवार ने कोई चिकित्सकीय सलाह नहीं ली। फिर जैसे-जैसे बच्चे की उम्र बढ़ी, उसके सूजन का आकार भी बढ़ता गया, जिससे सांस लेने समेत कई कठिनाई होने लगी। तब एक रिश्तेदार की सलाह पर परिजन उसे लेकर KGMU पहुंचे। यहां प्लास्टिक सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने 8 घंटे की दुर्लभ सर्जरी कर उसे बड़ी राहत दी है। इस दुर्लभ बीमारी की जद में था बच्चा KGMU में प्लास्टिक सर्जरी विभाग के प्रो. डॉ. ब्रजेश मिश्रा ने बताया कि हाइपरटेलोरिज्म के साथ नासोएथमॉइडल एनसेफेलोसील ऐसी स्थिति है। जिसमें मस्तिष्क के टिशू बाहर उभरने लगते हैं। इस मामले में टिशू नाक के पास आकर निकले हुए थे। कुशीनगर के निवासी इस बच्चें के घरवालों ने भगवान गणेश समझकर उसकी पूजा शुरू कर दी और उसका नाम भी गणेश ही रख दिया। ये टिशू लगातार बढ़कर किशोर के लिए समस्या बनने लगे थे। ऐसे में एक रिश्तेदार ने उसे KGMU जाकर दिखाने की सलाह दी। प्लास्टिक सर्जरी विभाग में जांच के बाद सर्जरी की सलाह दी गई। ऑपरेशन के बाद की फोटो। KGMU में 8 घंटे चली सर्जरी डॉ. ब्रजेश मिश्रा ने बताया कि यह सर्जरी करीब 8 घंटे चली। पहले चरण में न्यूरोसर्जन डॉ. सोमिल जायसवाल ने मस्तिष्क से जुड़ी संरचानाओं को अलग किया। इसके बाद प्लास्टिक सर्जन ने उभरे हुए हिस्से को अलग किया। इस मामले में नाक का छिद्र बहुत चौड़ा था और अच्छी मात्रा में मस्तिष्क टिशू नाक की जड़ से और नासिका पट से बाहर निकल रहे थे। नाक के पुनर्निर्माण के लिए फैली हुई माथे की हड्डी और नाक की संरचनाओं को फिर से आकार दिया गया। प्लास्टिक सर्जरी की इस टीम ने किया इलाज सर्जरी में डॉ. ब्रजेश मिश्रा, डॉ. रवि कुमार, डॉ. बी गौतम रेड्डी, डॉ.गौरव जैन, डॉ. अजहर फैयाज, डॉ. साक्षी भट्ट, डॉ. रुचा यादव, डॉ. आंचल अग्रवाल और डॉ.आकांक्षा मेहरा शामिल रहीं। न्यूरोसर्जरी में टीम में प्रो. सोमिल, डॉ. विष्णु वर्धन, डॉ.शुब्रित त्यागी और डॉ. शुभम कौशल मौजूद रहे। एनेस्थीसिया की टीम में डॉ. तन्मय तिवारी, डॉ. आमना खातून, डॉ. शांभवी झा, डॉ. छवि कारा, डॉ. ओबिली मनोज, डॉ. आयुषी माथुर शामिल रहीं।