उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने रविवार को विंध्याचल धाम पहुंचकर जगत जननी मां विंध्यवासिनी देवी के दरबार में विधिवत दर्शन-पूजन किया। उन्होंने प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की। मंत्री के आगमन पर पुरानी वीआईपी मार्ग पर नगर विधायक पंडित रत्नाकर मिश्र ने उनका पारंपरिक स्वागत किया और अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया। स्थानीय प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट के अधिकारियों ने भी मंत्री का स्वागत किया। दर्शन के दौरान मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने पूरे विधि-विधान से मां विंध्यवासिनी के चरणों में पुष्प और प्रसाद अर्पित किया। उन्होंने विशेष रूप से प्रदेश की उन्नति, जल संरक्षण और जनकल्याण के लिए आशीर्वाद मांगा। वहीं दर्शन के उपरांत मंत्री ने विंध्याचल मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, स्वच्छता, श्रद्धालुओं के आवागमन और जल प्रबंधन से संबंधित सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विंध्याचल धाम के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि भक्तों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने जिला प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा किए गए सुधार कार्यों की सराहना की। मंत्री ने यह भी कहा कि विंध्यधाम का विकास इसकी पौराणिक आस्था के अनुरूप किया जाएगा। मां विंध्यवासिनी के दर्शन के बाद मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने त्रिकोण पथ स्थित महाकाली और अष्टभुजा मंदिरों का भी दौरा किया। उन्होंने वहां भी पूजा-अर्चना की और मंदिर के पुजारियों से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर नगर विधायक पंडित रत्नाकर मिश्र, श्री विंध्य पंडा समाज के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।