45 लाख से चित्रगुप्त मंदिर का होगा कायाकल्प:परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने विधि-विधान से पूजन कर किया शिलान्यास

बलिया में पर्यटन व संस्कृति विभाग द्वारा नगर के प्राचीन चित्रगुप्त मंदिर में 45 लाख रुपये की लागत से सुंदरीकरण कार्य का शिलान्यास किया गया। यह शिलान्यास रविवार को परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने विधि-विधान से भूमिपूजन और नारियल तोड़कर किया। इस अवसर पर मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि यह मंदिर कायस्थ समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने इसे जिले के सबसे प्राचीन मंदिरों में से एक बताया और कहा कि इसे इसकी गरिमा के अनुरूप विकसित किया जाएगा। मंदिर के सुंदरीकरण के साथ ही यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। मंत्री ने कहा कि भगवान चित्रगुप्त के पास पूरे मानव जाति का लेखा-जोखा है, इसलिए यहां की गई हर घोषणा को प्राथमिकता पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों पर भी प्रकाश डाला। मंत्री ने कहा कि 90 प्रतिशत विकास कार्यों का उद्घाटन वे स्वयं करेंगे। उन्होंने मेडिकल कॉलेज, जिला और बैरिया में बनने वाले अंतर्राज्यीय बस अड्डों के जल्द शिलान्यास की बात कही। मंत्री ने 2027 के चुनाव से पहले मेडिकल कॉलेज को जनता को समर्पित करने का प्रयास करने की बात कही। उन्होंने जनता के भरोसे को कायम रखने और हरसंभव विकास कर उसे ‘सूद सहित लौटाने’ का संकल्प लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर के खाली स्थान पर सामुदायिक भवन बनाने के लिए अपनी निधि से 25 लाख रुपये देने की भी घोषणा की। कार्यक्रम में नलिनेश श्रीवास्तव, कमलेश श्रीवास्तव, अध्यक्ष डॉ. राजेश श्रीवास्तव, हर्ष श्रीवास्तव, विकास श्रीवास्तव, अभिषेक मेहता, त्रिवेणी लाल, कृष्णा पांडेय, राजेश गुप्ता सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मंत्री को अंगवस्त्रम और बुके देकर सम्मानित किया गया।