गोरखपुर में पकड़ा गया 17 लाख का अमेरिकन गांजा:पुलिस बनकर कार से तस्करी करता है सरगना, लखनऊ में तस्करों ने लिया नाम

गोरखपुर में 17 लाख रुपए के अमेरिकन गांजा के साथ एक युवक गिरफ्तार किया गया है। शनिवार को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और कैंट पुलिस के संयुक्त अभियान में आरोपी पकड़ा गया। आरोपी की पहचान देवरिया के भाटपार रानी थाना क्षेत्र के टीकमपार निवासी अभिषेक यादव उर्फ पुच्ची के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को लखनऊ में भी 2 किलो गांजा के साथ दो युवक पकड़े गए थे। पूछताछ में दोनों ने अभिषेक यादव और कैंट क्षेत्र के ही एक अन्य युवक का नाम लिया था। बताया था कि कैंट क्षेत्र का युवक कार में दरोगा की कैप रखकर गांजा की तस्करी करता है। इसके बाद ही अभिषेक यादव की गिरफ्तारी हुई है। कैंट थाना क्षेत्र का ही युवक इस गिरोह का सरगना बताया जा रहा है। पुलिस और एएनटीएफ उसकी तलाश कर रही है अभिषेक ने गोरखपुर में बनाया था ठिकाना कैंट थाने की पुलिस और एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि देवरिया का अभिषेक यादव उर्फ पुच्ची शाहपुर थाना क्षेत्र के चरगांवा में ईडब्ल्यूएस-50 में अपना ठिकाना बनाया है। वह अवैध गांजा की तस्करी करता है। टीम ने अभिषेक यादव को शनिवार को एक कार से जाते समय पकड़ा। उस कार से 170 ग्राम अवैध अमेरिकन गांजा बरामद किया। गांजा की कीमत 17 लाख रुपए बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। उससे पूछताछ कर पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भिजवा दिया गया। वहीं आरोपी की कार को पुलिस ने सीज कर दिया है। लखनऊ में पकड़े गए तस्करों ने गोरखपुर का नाम लिया लखनऊ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स व मड़ियांव पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार देर रात यादव चौराहे के पास से दो मादक पदार्थ तस्करों प्रतापगढ़ कंधई निवासी सूरज सिंह और सत्यम को गिरफ्तार किया। उनके पास से करीब दो किलो अमेरिकन गांजा, तीन मोबाइल व एक कार मिली।
पूछताछ में आरोपी सूरज व सत्यम ने बताया कि अमेरिकन गांजे की तस्करी का धंधा गोरखपुर के दाऊदपुर निवासी फर्जी दरोगा प्रनीत तिवारी अपने साथी अभिषेेक यादव के साथ करता है। उसने ही उन लोगों को गांजा लखनऊ में सप्लाई करने के लिए दिया था। आरोपी प्रनीत आईआईएम रोड स्थित अपार्टमेंट में रहता है। आरोपियों ने यह भी बताया कि वह अपनी कार में दरोगा की कैप को आगे रखकर तस्करी करता है। उसका साथ अभिषेक यादव देता है। आरोपियों ने बताया कि वे लोग प्रनीत व अभिषेक से 14 से 15 बार पहले भी अमेरिकन गांजा खरीदकर बेच चुके हैं।