सहारनपुर की थाना सदर बाजार पुलिस ने सोमवार को रिक्शा में बैठी महिलाओं के पर्स चुराने वाली दो महिला चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 16,570 रुपये नकद, चार सफेद धातु के बिछुए और एक सफेद धातु का सिक्का बरामद किया है। यह मामला 9 नवंबर 2025 को सुमित महाजन की शिकायत पर दर्ज एफआईआर से जुड़ा है। सुमित ने बताया था कि उनकी एक रिश्तेदार के पर्स से 10 हजार रुपये चोरी हो गए थे, जिसके बाद थाना सदर बाजार में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर ने तत्काल संज्ञान लिया और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के आदेश दिए। थानाध्यक्ष कपिल देव के नेतृत्व में मिशन शक्ति एंटी-रोमियो टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए जीपीओ तिराहे के पास स्थित एक पार्क से दोनों महिलाओं को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्ताओं की पहचान रीना पत्नी आकाश और प्रिया पुत्री धर्मवीर के रूप में हुई है। ये दोनों राजस्थान के जिला भरतपुर के थाना सेवर स्थित शांति नगर की निवासी हैं। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 10 हजार रुपये, एक सफेद धातु का सिक्का और चार बिछुए बरामद हुए। इसके अतिरिक्त, अन्य चोरियों से संबंधित 6,570 रुपये भी बरामद किए गए। पूछताछ में दोनों महिलाओं ने स्वीकार किया कि वे राजस्थान की रहने वाली हैं और रिक्शा में बैठी अकेली महिलाओं के पर्स से पैसे और कीमती सामान चोरी करती थीं। बरामद नकदी और सामान उन्होंने अलग-अलग वारदातों में चुराया था। पुलिस ने दोनों अभियुक्ताओं के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। इस गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कपिल देव, उपनिरीक्षक नरेश कुमार, कांस्टेबल अनिल कुमार, महिला हेड कांस्टेबल मीनाक्षी, महिला कांस्टेबल रितु कुमार और हेड कांस्टेबल नीरज कुमार शामिल रहे।